बेटी के फैसले से टूटा परिवार! भागलपुर में पिता ने किया जिंदा बेटी का अंतिम संस्कार, थाने न जाने का फैसला

भागलपुर जिले के कहलगांव रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चन्नो गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया।

भागलपुर जिंदा बेटी अंतिम संस्कार- फोटो : news 4 nation

बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चन्नो गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया। बेटी के प्रेम प्रसंग और प्रेमी के साथ घर से चले जाने से आहत पिता ने उससे सभी संबंध समाप्त कर लिए हैं। पिता अनुज पासवान का कहना है कि उन्होंने कई दिनों तक बेटी के लौटने का इंतजार किया और उसे समझाने के हर संभव प्रयास किए, लेकिन जब उसने वापस आने से साफ इनकार कर दिया तो उनके सब्र का बांध टूट गया।



कॉलेज और ट्यूशन के दौरान बढ़ी थी नजदीकियां

मिली जानकारी के मुताबिक, अनुज पासवान की बेटी रिमझिम कुछ समय पहले अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे और साथ में ट्यूशन भी जाते थे, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। परिजनों का दावा है कि युवक के बेरोजगार होने और दूसरे समुदाय से होने के कारण परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था, लेकिन रिमझिम अपनी जिद पर अड़ी रही और बिना परिवार की सहमति के साथ चली गई।



बेटी के दो टूक इनकार से टूटा परिवार का भरोसा

परिजनों के अनुसार, बेटी को घर वापस लाने के लिए बार-बार मनुहार की गई और उसे समझाने की कोशिशें की गईं, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रही। आरोप है कि उसने साफ शब्दों में कह दिया कि वह अपने प्रेमी को पति मान चुकी है और उसी के साथ अपना जीवन बिताएगी। परिवार का कहना है कि बेटी के इस दो टूक जवाब के बाद उनकी सारी उम्मीदें खत्म हो गईं और घरवालों का दिल टूट गया।



अंतिम संस्कार कर थाना न जाने का लिया फैसला

बेटी के वापस लौटने की तमाम उम्मीदें टूटने के बाद पिता अनुज पासवान और परिजनों ने उसे मृत मानते हुए प्रतीकात्मक रूप से अंतिम संस्कार कर दिया और सारे रिश्ते नाते खत्म कर लिए। परिजनों का कहना है कि जब बेटी ने खुद ही परिवार से रिश्ता तोड़ लिया है, तो अब उनके लिए उसका कोई अस्तित्व नहीं है। साथ ही परिवार ने इस मामले में पुलिस या थाने में शिकायत दर्ज न कराने का निर्णय लिया है।