पुनपुन से चालान और जीपीएस का खेल! भोजपुर में 22 मशीनों के साथ तस्कर गिरफ्तार, अवैध बालू नेटवर्क का पर्दाफाश, जानें कैसे चलता था कारोबार

बिहार के भोजपुर जिले के बबुरा थाना पुलिस ने अवैध बालू कारोबार के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 22 जीपीएस मशीनों व बाइक के साथ आरोपी को दबोचा। जानें पूरा मामला।

Bhojpur police arrested man with 22 GPS machines
भोजपुर में GPS 22 मशीनों के साथ तस्कर गिरफ्तार अवैध बालू नेटवर्क का पर्दाफाश- फोटो : Reporter

बिहार के भोजपुर जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बबुरा थाना पुलिस ने अवैध बालू कारोबार से जुड़े एक कथित संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 22 जीपीएस (GPS) मशीनों के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में बालू के अवैध खनन, चालान के खेल और परिवहन से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं।



गुप्त सूचना पर वाहन जांच, खदेड़कर पकड़ा गया संदिग्ध

पुलिस अधीक्षक भोजपुर के निर्देश पर 21 नवंबर 2026 को अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में बबुरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या- BR04-AM-3793) पर सवार एक व्यक्ति कोइलवर की ओर से आ रहा है, जिसके पास बड़ी संख्या में जीपीएस मशीनें मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वाहन जांच शुरू कर दी, इसी दौरान छपरा की तरफ से आ रहे संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।


बाइक की बैटरी, डिक्की और बैग से मिलीं 22 जीपीएस मशीनें

पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपित के पास से कुल 22 जीपीएस मशीनें बरामद की गईं। जानकारी के मुताबिक, इनमें से कुछ मशीनें मोटरसाइकिल की बैटरी से जुड़ी हुई थीं, जबकि कुछ मशीनों को बाइक की डिक्की और अन्य हिस्सों में छिपाकर रखा गया था और शेष मशीनें उसके बैग से मिलीं। गिरफ्तार आरोपित की पहचान छपरा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी नीरज कुमार (उम्र करीब 33 वर्ष), पिता बच्चा राय के रूप में की गई है।


पुनपुन से चालान और जीपीएस के सहारे चलता था खेल

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने अवैध बालू कारोबार के तरीके को लेकर चौंकाने वाली जानकारी दी। उसने बताया कि वह बिना ट्रैक्टर और बालू के केवल जीपीएस मशीनें लेकर पटना जिले के पुनपुन स्थित बालू घाट पर जाता था और वहां घाट संचालकों की कथित मिलीभगत से 22 ट्रैक्टरों के लिए चालान हासिल करता था। इसके बाद वह वापस अपने गांव लौटकर इन जीपीएस मशीनों को ट्रैक्टरों से जोड़ने का काम करता था।



सारण के घाट से बालू निकालकर छपरा में होती थी बिक्री

पूछताछ में यह भी सामने आया कि सारण जिले के गरखा थाना क्षेत्र के मखदुमगंज घाट पर सोन नदी से नाव के जरिए अवैध रूप से बालू निकालकर उसे डंप किया जाता था। इसके बाद जीपीएस मशीनों और चालान की आड़ में बालू लदे वाहनों का परिवहन कर छपरा शहर में बालू की बिक्री की जाती थी। इस अवैध तरीके से बालू के कारोबार के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा था।



प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी भोजपुर पुलिस

इस पूरे मामले में बबुरा थाना कांड संख्या 111/2026 (दिनांक 21 नवंबर 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई कर रही है, वहीं भोजपुर पुलिस का कहना है कि अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

भोजपुर से आशीष कुमार की रिपोर्ट