Bihar News: सिविल कोर्ट में महिला अधिवक्ता की टेबल-कुर्सी तोड़ने पर विवाद, पुलिस के सामने भी हुई तीखी बहस, मामला गरमाया

Bihar News: सिविल कोर्ट परिसर में महिला अधिवक्ता की टेबल-कुर्सी क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत पर विवाद गहरा गया।...

महिला अधिवक्ता की टेबल-कुर्सी तोड़ने पर विवाद- फोटो : reporter

Bihar News: भागलपुर सिविल कोर्ट परिसर में महिला अधिवक्ता की टेबल-कुर्सी क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत पर विवाद गहरा गया। मामले को लेकर महिला अधिवक्ता सपना सुमन और जिला विधिज्ञ संघ के महासचिव अंजनी कुमार दूबे के बीच तीखी कहासुनी हुई। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 की पुलिस के सामने भी बहस होने से परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी मची रही।

महिला अधिवक्ता सपना सुमन का आरोप है कि विधिज्ञ संघ कार्यालय परिसर में काउंटर निर्माण के दौरान उनकी टेबल और कुर्सी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसी शिकायत को लेकर वह महासचिव के पास पहुंचीं, लेकिन उनका कहना है कि वहां उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया। खुद को असुरक्षित महसूस करने पर उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुला ली।

मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान महासचिव और पुलिसकर्मियों के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई। हालात संभालने के लिए वहां मौजूद लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा।

दूसरी ओर, महासचिव अंजनी कुमार दूबे ने महिला अधिवक्ता के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने विवाद के पीछे पैसे की मांग को वजह बताते हुए अपना पक्ष रखा। हालांकि, उनके इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

इधर, सपना सुमन ने पूरे मामले को लेकर जोगसर थाने में लिखित आवेदन दिया है और न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों के बीच मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार