Bihar Accident: बारात से लौट रही गाड़ी पलटी, आठ घायल, चार की हालत नाजुक

Bihar Accident: शादी की खुशियां मनाकर घर लौट रहे बारातियों की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। ....

Bihar Accident: बारात से लौट रही गाड़ी पलटी, आठ घायल, चार की
बारात से लौट रही गाड़ी पलटी- फोटो : reporter

Bihar Accident:  शादी की खुशियां मनाकर घर लौट रहे बारातियों की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही ने खुशियों के माहौल को चीख-पुकार और मातम जैसी मायूसी में बदल दिया। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर कमरगंज के समीप शनिवार की अहले सुबह करीब चार बजे बारात से लौट रही एक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में आठ लोग जख्मी हो गए, जिनमें चार की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सफियासराय थाना क्षेत्र के फरदा गांव से बारात सुलतानगंज के मकनपुर गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कमरगंज के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। देखते ही देखते गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

हादसे के बाद गाड़ी में सवार लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला और फौरन सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में फरदा निवासी अमन कुमार (26), अविनाश कुमार (25), अशोक यादव (45), बादल कुमार (24), शिवम कुमार (22), आदित्य कुमार (15) तथा गढ़ी रामपुर निवासी पीयूष कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं।

सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. फैज उद्दीन ने बताया कि चार घायलों की हालत गंभीर है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में अपनों की सलामती को लेकर परिजनों के बीच बेचैनी और फिक्र का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज