पटना पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश सेतु का करेंगे लोकार्पण, बिहार को देंगे 34,470 करोड़ की सौगात

पटना एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकॉप्टर के जरिए वैशाली जिले के रुस्तमपुर हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे कच्ची दरगाह स्थित नीतीश सेतु के लिए रवाना होंगे।

PM Narendra Modi
PM Narendra Modi- फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार पहुंच चुके हैं। शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर उनके आगमन के साथ ही उनके बिहार दौरे की शुरुआत हो गई। अब प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से वैशाली के लिए रवाना होंगे, जहां वे गंगा नदी पर बने बहुप्रतीक्षित छह लेन के 'नीतीश सेतु' का निरीक्षण करने के बाद इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को बिहार के बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान राज्य को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिलने वाली है।


नीतीश सेतु का करेंगे निरीक्षण और लोकार्पण

पटना एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकॉप्टर के जरिए वैशाली जिले के रुस्तमपुर हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे कच्ची दरगाह स्थित नीतीश सेतु के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे पुल पहुंचकर लगभग 15 मिनट तक इसका निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वैशाली के जाफरपट्टी स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे से आयोजित कार्यक्रम में पुल को राष्ट्र को समर्पित करने के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान जनसभा को भी संबोधित करेंगे।


करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें 9.7 किलोमीटर मुख्य पुल और 10 किलोमीटर संपर्क सड़कें शामिल हैं। इसके चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव भी कम होगा। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी। 

 

बिहार को क्या-क्या देंगे प्रधानमंत्री?

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण तथा करीब 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इनमें बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई, राष्ट्रीय राजमार्गों का विकास, बिजली वितरण और ट्रांसमिशन परियोजनाएं, नहरों और तटबंधों का सुदृढ़ीकरण तथा नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर परियोजना प्रमुख हैं। इसके अलावा बेगूसराय, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, बिहारशरीफ समेत कई शहरों में सीवरेज और जलापूर्ति योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। प्रधानमंत्री 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराएंगे। 

 

दोपहर 3:40 बजे लखनऊ के लिए होंगे रवाना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर 3:15 बजे वैशाली के कार्यक्रम स्थल से रवाना होंगे। करीब 3:20 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना एयरपोर्ट आएंगे। दोपहर 3:40 बजे पटना से लखनऊ के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।