Yash Maheshwari controversy: यस महेश्वरी के बयान पर भड़की सियासत, लोजपा की प्रवक्ता ने CM से लगाई कार्रवाई की गुहार

Yash Maheshwari controversy: कॉमेडियन यस महेश्वरी के कथित बयान पर बिहार में विरोध तेज है। लोजपा (रामविलास) की प्रवक्ता अंशु प्रियंका ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की।

Yash Maheshwari controversy:  कॉमेडियन यस महेश्वरी के कथित विवादित बयान को लेकर बिहार में विवाद लगातार गहराता जा रहा है। बिहार की महिलाओं और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रदेश प्रवक्ता अंशु प्रियंका ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बयान की निंदा की है।


अंशु प्रियंका ने कहा कि जिस प्रकार एक कॉमेडियन द्वारा बिहार की महिलाओं और छठ महापर्व को लेकर विवादित टिप्पणी की गई है, वह कहीं से भी माफी के योग्य नहीं है। छठ पर्व बिहार की आस्था, संस्कृति और अस्मिता से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस पर्व और महिलाओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।


उन्होंने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लोजपा (रामविलास) की ओर से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।


प्रदेश प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि बिहार की महिलाओं के सम्मान और छठ महापर्व की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस बयान के बाद विवाद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने के आसार हैं।

भागलपुर से बालमुकुंद कुमार की रिपोर्ट