Bihar Newlywed Couples: सड़क ने रोका रास्ता तो गंगा बनी हमसफर, जहाज पर दिखीं दूल्हा-दुल्हन की जोड़ी

Bihar Newlywed Couples: भागलपुर और नवगछिया के बीच सड़क मार्ग पर आवागमन की परेशानी ने इन दिनों गंगा नदी के जलमार्ग की अहमियत बढ़ा दी है। ...

दूल्हा-दुल्हन की गंगा बनी हमसफर- फोटो : reporter

Bihar Newlywed Couples: भागलपुर और नवगछिया के बीच सड़क मार्ग पर आवागमन की परेशानी ने इन दिनों गंगा नदी के जलमार्ग की अहमियत बढ़ा दी है। शादी-विवाह के मौसम में यह जलमार्ग न सिर्फ आम मुसाफिरों का सहारा बना हुआ है, बल्कि नवविवाहित जोड़ों के लिए भी सफर का जरिया बन गया है। शादी की रस्में पूरी करने के बाद दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ जहाज पर सवार होकर गंगा पार करते नजर आ रहे हैं। जहाज घाट पर सजे-धजे दूल्हा-दुल्हन की जोड़ियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इस दिलकश नजारे को देखकर लोगों को मशहूर फिल्म ‘नदिया के पार’ की कहानी याद आ रही है।

देवोत्थान एकादशी के बाद लग्न शुरू होते ही शहनाइयों की गूंज गांवों और कस्बों में सुनाई देने लगी है। इसी बीच भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया के बीच सड़क मार्ग बाधित रहने से बारातियों और नवदंपतियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऐसे में गंगा का सीना चीरते जहाज उनके लिए उम्मीद की सवारी बन गए हैं। गुरुवार को कहलगांव, तिनटंगा करारी समेत गंगा किनारे के विभिन्न घाटों पर कई नवविवाहित जोड़े अपनी जीवनसंगिनी के साथ जहाज पर सवार होकर रवाना हुए। यात्रियों के बीच दूल्हा-दुल्हन की मौजूदगी कौतूहल और चर्चा का विषय बनी रही।

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जीएस फेरी सेवा की ओर से कहलगांव गंगा घाट से सुबह से ही दो जहाजों का परिचालन कराया जा रहा है। संचालक गौरीशंकर उर्फ कन्हाय मंडल ने बताया कि मुसाफिरों की सहूलियत और सलामती को ध्यान में रखकर सेवा संचालित की जा रही है। वहीं, तिनटंगा करारी के समाजसेवी एवं वार्ड प्रतिनिधि निर्मल कुमार यादव उर्फ नीरो यादव ने बताया कि यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से जहाज पर चढ़ाया और उतारा जा रहा है। घाट पर स्थानीय प्रशासन और आपदा मित्र की टीम मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। सड़क की दुश्वारियों के बीच गंगा इन दिनों रिश्तों के नए सफर की गवाह भी बन रही है।

रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार