EOU Raids: भगत यादव के 5 ठिकानों पर EOU की रेड, झारखंड में भी जांच, मचा हड़कंप
EOU Raids: गयाजी में जमीन के कथित कारोबार से जुड़े सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने छापेमारी की।
EOU Raids: गयाजी में जमीन के कथित कारोबार से जुड़े सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने शुक्रवार तड़के छापेमारी की। गया-डोभी के पांच स्थानों के अलावा औरंगाबाद तथा झारखंड में भी जांच चल रही है। टीमें जमीन की रजिस्ट्री, खरीद-बिक्री और वित्तीय लेनदेन के दस्तावेज खंगाल रही हैं। कार्रवाई से हलचल है।
डोभी के सिंहपुर निवासी भगत यादव पर आवेदन में करीब 200 एकड़ जमीन जुटाने और करोड़ों की संपत्ति बनाने के आरोप हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि जमीन कब्जे, रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संपत्ति अर्जित की गई। आरोप है कि संपत्तियां पत्नी सुनीता देवी, पुत्र आर्यन कुमार, कंपनी और करीबियों के नाम पर खरीदी गईं। इन दावों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
शिकायत के दस्तावेजों में 76 संपत्तियों की प्रविष्टियां बताई गई हैं। सूची में सुरेंद्र कुमार सुमन, सुनीता देवी, आर्यन कुमार, सुधीर पांडेय और उपेंद्र प्रसाद समेत अन्य लोगों के नाम हैं। वर्ष 2014 से 2026 तक की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री का ब्योरा दर्ज है। संपत्तियां बजौरा, बोधगया, शेरघाटी, बाराचट्टी, डोभी, परसावां, बड़गांव, अमरथ और गया के अन्य इलाकों में बताई गई हैं।
दस्तावेजों में बोधगया के दो और पटना के एक फ्लैट का उल्लेख है। बजौरा में 28 नवंबर 2024 को 73.50, 70 और 22 डिसमिल जमीन की प्रविष्टियां हैं। सात फरवरी 2024 को 1.86 एकड़ तथा 25 मार्च 2023 को एक एकड़ जमीन की खरीद का जिक्र है। 24 मार्च 2026 की प्रविष्टियों में भी भूखंडों का विवरण है।
आवेदन में Ananya Crops India Pvt Ltd का नाम है। आरोप है कि कंपनी के जरिए पत्नी और पुत्र के नाम संपत्तियां खरीदी गईं। बोधगया-शेरघाटी हाईवे और पटना के आसपास जमीन निवेश का दावा है। कुछ भूखंड भूदान, यज्ञ समिति और सीलिंग से जुड़े बताए गए हैं।
शिकायत में बिहार-झारखंड के थानों में भगत यादव के खिलाफ 23 प्राथमिकी दर्ज होने का दावा है। सूची में टिकारी, बोकारो चास, धनबाद जोगता, रामपुर, कोतवाली, बोधगया, शेरघाटी, डोभी और बाराचट्टी के मामले हैं। डुमरी और हंटरगंज के मामलों के साथ डोभी कांड संख्या 168/26 और 219/26 उल्लेख है। आवेदन में इन्हें अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जे से जोड़ा गया है।
फिलहाल ईओयू संपत्तियों के कागजात, अर्जन के स्रोत, कथित बेनामी निवेश और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है। छापेमारी में मिले साक्ष्यों की आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। जांच के बाद ही कथित संपत्ति साम्राज्य की तस्वीर और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट-मनोज कुमार