Ara Vigilance Raid: CLC व चरित्र प्रमाणपत्र के नाम पर घूस मांगने वाला क्लर्क गिरफ्तार

आरा के महाराजा लॉ कॉलेज में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने क्लर्क संजय कुमार सिंह को 7,500 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। छात्र से CLC और चरित्र प्रमाणपत्र के नाम पर घूस मांगी गई थी।

महाराजा लॉ कॉलेज का क्लर्क 7500 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार- फोटो : Reporter

भोजपुर जिले के आरा स्थित महाराजा लॉ कॉलेज में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लिपिक संजय कुमार सिंह को 7,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक छात्र से कॉलेज छोड़ने का प्रमाणपत्र (सीएलसी) और चरित्र प्रमाणपत्र बनाने के बदले यह रकम मांगी थी।


शिकायत के बाद सत्यापन और जाल

परेशान छात्र ने इस मामले की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना से दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम ने 18 नवंबर को आरोपों का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।


कार्यालय में छापेमारी और गिरफ्तारी

निगरानी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक मोहन कुमार के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम ने महाराजा लॉ कॉलेज के कार्यालय में दबिश दी और संजय कुमार सिंह को पूरी रिश्वत राशि लेते हुए धर दबोचा। इस कार्रवाई में डीएसपी मोहन कुमार और डीएसपी विनोद कुमार के साथ निरीक्षक अनुप्रिया समेत अन्य अधिकारी शामिल थे।


शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय

डीएसपी मोहन कुमार ने बताया कि नियमानुसार शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी गई है और उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी लिपिक से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।


संस्थानों में भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश

आवश्यक शैक्षणिक प्रमाणपत्र जारी करने के बदले छात्र से अवैध वसूली का यह मामला कॉलेजों और संस्थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार की तस्वीर सामने लाता है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि रिश्वतखोरी की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

भोजपुर (आरा) से आशीष कुमार की रिपोर्ट