Patna Crime News: छठ पर बंद मकान में चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, 43 हजार कैश व गहने बरामद

पटना के शास्त्रीनगर स्थित एजी कॉलोनी में बंद मकान से चोरी मामले में पुलिस ने 1 आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से गलाया सोना-चांदी, 43,550 रुपये नकद व सामान बरामद।

Patna Theft Case Cracked
पटना एजी कॉलोनी बंद घर में चोरी का खुलासा आरोपी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी स्थित मकान नंबर बी-20 में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीत कुमार उर्फ विनीत कुमार उर्फ बंटा के रूप में हुई है, जो दीघा थाना क्षेत्र के फेयर फील्ड कॉलोनी का निवासी है।


छठ पर्व पर बंद घर को बनाया था निशाना

दरअसल, 15 नवंबर 2026 को मकान मालिक विवेक कुमार सिंह अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने पैतृक आवास गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।


तकनीकी और मानवीय जांच से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है।


गलाया हुआ सोना-चांदी और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से 41 ग्राम सोने जैसी धातु और 506 ग्राम चांदी जैसी धातु (दोनों गलायी हुई अवस्था में), एक घड़ी, 43,550 रुपये नकद तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।


अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट