Bihar News : बक्सर के रामरेखा घाट पर देव दीपावली की संध्या सजी भव्य गंगा महाआरती, विश्वामित्र सेना ने श्रद्धा और भक्ति का दिया संदेश....

Bihar News : गंगा देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार की संध्या बक्सर के ऐतिहासिक रामरेखा घाट स्थित पुराने विवाह मंडप में भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया।

गंगा महाआरती का आयोजन - फोटो : SOCIAL MEDIA

BUXAR : गंगा देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार की संध्या बक्सर के ऐतिहासिक रामरेखा घाट स्थित पुराने विवाह मंडप में विश्वामित्र सेना एवं माँ गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में माँ गंगा की आरती एवं पूजन के माध्यम से श्रद्धा और भक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गंगा केवल हमारी नदी नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और सनातन आस्था की जीवनधारा हैं। देव दीपावली का पर्व हमें अपनी आध्यात्मिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। 

उन्होंने कहा कि बक्सर की धरती महर्षि विश्वामित्र, भगवान श्रीराम और सनातन संस्कृति की गौरवशाली विरासत से जुड़ी हुई है। ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की आवश्यकता है। विश्वामित्र सेना का संकल्प है कि बक्सर की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं तथा गंगा की स्वच्छता और अविरलता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाए।

चौबे ने आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से बक्सर की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाया जाता रहेगा। कार्यक्रम का आयोजन विश्वामित्र सेना एवं माँ गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया, जबकि श्री गंगा आरती सेवा समिति ट्रस्ट, बक्सर की ओर से आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता रही।