Bihar News : बांका में नवविवाहिता की गोली लगने से हुई मौत, पति समेत ससुराल वाले हुए फरार, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत मझगांय डरपा पंचायत के कैथा गांव में मंगलवार की दोपहर एक नवविवाहिता की गोली लगने से मौत हो गई.....पढ़िए आगे

Bihar News : बांका में नवविवाहिता की गोली लगने से हुई मौत, प
नवविवाहिता की मौत - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत मझगांय डरपा पंचायत के कैथा गांव में मंगलवार की दोपहर एक नवविवाहिता की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कैथा गांव निवासी रंजीत मंडल की पत्नी लक्ष्मी कुमारी (19) के रूप में हुई है। सबसे दुखद पहलू यह है कि लक्ष्मी की शादी महज छह महीने पहले ही हुई थी। नई जिंदगी के सपने संजोकर ससुराल आई लक्ष्मी की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रजौन पुलिस हरकत में आई। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा और थानाध्यक्ष अभय शंकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की प्रारंभिक जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी की।

पति समेत ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार

इधर, नवविवाहिता की मौत के बाद उसका पति रंजीत मंडल, ससुर सीताराम मंडल समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों की अनुपस्थिति भी मामले को संदिग्ध बना रही है। हालांकि, उनके फरार होने के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

हथियार साफ करने के दौरान गोली चलने की चर्चा

गांव में चर्चा है कि घर में हथियार की सफाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो लक्ष्मी कुमारी को लग गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि, यह महज ग्रामीणों के बीच चल रही चर्चा है। गोली किस हथियार से चली, हथियार कौन साफ कर रहा था और किन परिस्थितियों में गोली नवविवाहिता को लगी, इन सवालों का जवाब अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस ने भी इस कहानी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एफएसएल जांच से खुलेगा घटना का राज

पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर गोली चलने की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गोली किन परिस्थितियों में चली और नवविवाहिता की मौत कैसे हुई।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट