दहा नदी में डूबा 24 वर्षीय युवक : शौच के दौरान हुआ हादसा, पुलिस और ग्रामीणों का सर्च ऑपरेशन जारी

दहा नदी में डूबा 24 वर्षीय युवक- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत महम्मदपुर पश्चिम पट्टी गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार की शाम मैदान के पास बहने वाली दहा नदी में एक युवक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में डूब गया। इस घटना के बाद से ही इलाके में अफरा-तफरी और सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।


शौच के दौरान फिसला पैर, तेज़ बहाव में ओझल हुआ मनीष

लापता युवक की पहचान महम्मदपुर पश्चिम पट्टी गांव निवासी मनीष मल्लाह उर्फ 'नेपाली' के रूप में हुई है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि शाम के समय मनीष नदी किनारे शौच के लिए गया हुआ था। बारिश के कारण ढलान वाले किनारे पर अत्यधिक नमी और फिसलन थी, जिससे अचानक उसका पैर फिसल गया। संभलने का मौका मिलने से पहले ही वह गहरे पानी में गिर गया और नदी के तेज बहाव में देखते ही देखते ओझल हो गया।


मौके पर भारी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर जैसे ही गांव में फैली, मनीष के घर में कोहराम मच गया। देखते ही देखते नदी किनारे सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लापता युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव स्तब्ध व शोक में डूबा है। गांव के लोग लगातार मनीष के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं, वहीं पुलिस प्रशासन ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए लोगों से नदी के खतरनाक किनारों से दूर रहने की अपील की है।


अंधेरे के बावजूद नाव और जाल की मदद से खोजबीन जारी

घटना की सूचना पर मांझी थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल नदी में तलाश शुरू की गई। हालांकि, रात का अंधेरा होने और नदी में पानी का जलस्तर व बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण नावों तथा महाजाल की मदद से नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।


थानाध्यक्ष ने दी जानकारी, बुलाई जा सकती है SDRF/NDRF की टीम

मांझी थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि घटना के बाद से ही लापता युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि रात या सुबह तक स्थानीय स्तर पर सफलता नहीं मिलती है, तो खोजबीन अभियान को गति देने के लिए तत्काल SDRF या NDRF की विशेषज्ञ टीमों को बुलाया जाएगा, ताकि युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।


धर्मेन्द्र की रिपोर्ट