Bihar News : छपरा में बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, नवंबर में होने वाली थी शादी, आक्रोशित लोगों ने किया NH-19 जाम

Bihar News : छपरा-पटना मुख्य मार्ग (एनएच-19) के फोरलेन पर लाल बाजार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई.......पढ़िए आगे

युवक की मौत - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 19 (छपरा- पटना) मुख्य मार्ग के फोरलेन पर लाल बाजार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां अनियंत्रित और अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं तेज रफ्तार ट्रक बाइक को ठोकर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। 

मृतक युवक की पहचान सारण जिले के नया गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नया गांव कस्तूरी चक निवासी पवन महतो के 29 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुआवजा और सुरक्षा की मांग को लेकर छपरा- पटना मुख्य मार्ग एनएच- 19 फोरलेन को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिस कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। 

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने के थानाध्यक्ष अपनी पुलिस टीम के साथ दल- बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने और शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन उग्र भीड़ मानने को तैयार नहीं थी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करती रही।विकास कुमार की शादी इसी वर्ष नवंबर माह में तय हुई थी, जिस कारण पूरे घर में उत्सवी माहौल और शहनाइयों की तैयारी चल रही थी। परिवार के लोग शादी की खरीदारी और अन्य तैयारियों में जुटे हुए थे, लेकिन एक पल में हुए इस हादसे ने घर की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। 

घटना की सूचना जैसे ही उसके पैतृक गांव कस्तूरी चक पहुंची, परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक विकास छपरा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था और अपनी मेहनत के बल पर परिवार का सहारा बना हुआ था। इस दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट