Chhath Puja 2026: छपरा में सक्रिय हुईं विधायक छोटी कुमारी, नाथ बाबा और थाना घाट समेत कई छठ घाटों का किया औचक निरीक्षण
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर छपरा विधायक छोटी कुमारी ने नाथ बाबा और थाना घाट समेत कई प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को सुरक्षा और सफाई के कड़े निर्देश दिए।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर छपरा की विधायक छोटी कुमारी पूरी तरह सक्रिय नजर आईं। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने नाथ बाबा घाट, थाना घाट, गौतम ऋषि घाट सहित दर्जनों प्रमुख छठ घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, पेयजल सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर जरूरी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व करोड़ों लोगों की श्रद्धा और विश्वास से जुड़ा है। ऐसे में घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर चल रहे कार्यों में तेजी लाने, नियमित निगरानी करने तथा साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय से सभी घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि छठ व्रती पूरी श्रद्धा, भक्ति और सुरक्षित माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, रिविलगंज नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. किशोर कुणाल, थाना प्रभारी राजीव कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश प्रसाद, नगर मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार शर्मा, क्रीड़ा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनुरंजन कुमार, वार्ड पार्षद किशोर सिंह, पप्पू राम, नरेंद्र शाह, भाई वीरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, अभय कुमार, कनीय अभियंता निरंजन कुमार, कृष्णा सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
छठ पूजा को लेकर विधायक के इस सक्रिय निरीक्षण से घाटों पर तैयारियों में तेजी आने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी रिपोर्ट