दिवंगत आर.के. सिन्हा को याद कर भावुक हुए चिराग पासवान, कहा— "पिता को खोने का दर्द क्या होता है, इसे मैं अच्छी तरह समझ सकता हूँ"

SIS संस्थापक व पूर्व सांसद आर.के. सिन्हा के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उन्हें याद कर भावुक होते हुए कहा कि उनके जाने से ऐसा अहसास होता है कि मैने अपने पिता को दोबारा खो दिया...

दिवंगत आर.के. सिन्हा को याद कर भावुक हुए चिराग पासवान, कहा—
दिवंगत आर.के. सिन्हा को याद कर भावुक हुए चिराग पासवान- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, देश की जानी-मानी सुरक्षा एजेंसी SIS के संस्थापक और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रविंद्र किशोर सिन्हा (आर.के. सिन्हा) के निधन के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। इस दुखद घड़ी में नेताओं और गणमान्य लोगों द्वारा उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि देने और उनके पुत्र ऋतुराज सिन्हा व शोकसंतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी है। इस दौरान कई नेता दिवंगत नेता के साथ अपने पुराने संस्मरणों को याद कर बेहद भावुक नजर आए।


"आर.के. सिन्हा साहब को याद करना यानी अपने पिता को दोबारा खोने जैसा अहसास"

दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लोजपा (आर) सुप्रीमो व केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आर.के. सिन्हा साहब को याद करना एक ऐसा भावुक अहसास है, जो मन को झकझोर देता है। उन्होंने कहा कि उनके साथ मेरा रिश्ता पिता जैसा था और उनके जाने से ऐसा प्रतीत होता है जैसे मैंने अपने पिता को दोबारा खो दिया हो। उनके स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन का लंबा सफर हमेशा मेरे साथ रहा है। साल 2014 में जब मैं पहली बार चुनकर संसद पहुँचा था, तब से लेकर हर राजनीतिक कदम पर उनका अमूल्य मार्गदर्शन मुझे मिलता रहा।


चुनाव मंच से लेकर होली मिलन समारोह तक, हर जगह मिला स्नेह और मार्गदर्शन

अपने संस्मरण साझा करते हुए उन्होंने आगे कहा कि कितने ही चुनावी मंचों पर आर.के. सिन्हा ने उनका मार्गदर्शन किया और उन्हें जीवन की कई अहम बातें सिखाईं। उनके साथ बिताई गई अनगिनत यादें बार-बार जेहन में कौंध जाती हैं। उनके आवास पर हर साल होने वाले होली मिलन समारोह का बुलावा और उसमें मेरी उपस्थिति—ये तमाम ऐसी बातें और मीठी स्मृतियाँ हैं, जो उम्र भर दिलों में जिंदा रहेंगी।


"ऋतुराज जी और उनके परिवार पर आए इस वज्रपात के दर्द को मैं भली-भांति समझ सकता हूँ"

शोकसंतप्त परिवार का ढांढस बंधाते हुए चिराग ने कहा कि पिता का साया उठ जाने का दर्द क्या होता है, इसे मैं व्यक्तिगत रूप से पूरी तरह महसूस कर सकता हूँ। ऋतुराज जी और उनके पूरे परिवार के लिए इस अपूरणीय क्षति से उबरना बेहद कठिन है। इस दुख की घड़ी में पूरा राजनीतिक और सामाजिक परिवार उनके साथ खड़ा है।


ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को संबल देने की प्रार्थना

अंत में ईश्वर से प्रार्थना करते हुए उन्होंने कहा कि दिवंगत आर.के. सिन्हा साहब की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और पीछे छूटे परिवार को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति व हिम्मत प्रदान करें। देश और समाज के प्रति आर.के. सिन्हा के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।


नरोत्तम की रिपोर्ट