Bihar News: सारण का समग्र विकास की ओर बढ़ते कदम, छपरा विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपा विकास प्रस्ताव

Bihar News: छपरा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर भाजपा विधायक छोटी कुमारी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की...

Saran:  जिला मुख्यालय स्थित छपरा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर भाजपा विधायक छोटी कुमारी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों से संबंधित एक विस्तृत मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा, जिस पर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल का आश्वासन भी मिला है। मुलाकात के दौरान क्षेत्र की भौगोलिक और ढांचागत जरूरतों को प्रमुखता से रखा गया है। जिसमें मुख्य रूप से अतिप्राचीन धर्मिक नगरी के रूप में विश्व विख्यात रिविलगंज और लोक नायक जय प्रकाश नारायण की जन्म धरती सिताब दियारा के बीच पीपा पुल के निर्माण की मांग विशेष रूप से उठाई गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी सहूलियत मिलेगी। 

इसके साथ ही, रामायण काल से जुड़े प्राचीन और धार्मिक स्थलों जैसे - भगवान हनुमान जी के ननिहाल, गौतम ऋषि स्थान और श्रृंगी ऋषि आश्रम के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के माध्यम से क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर उभारने का प्रस्ताव रखा गया है। 

सदियों से जूझ रहे छपरा शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में कई अहम प्रोजेक्ट्स पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई है। इनमें छपरा शहर के डबल डेकर निर्माण कार्य को गति देने, शहर के पश्चिमी क्षेत्र ब्रह्मपुर से पूर्वी छोड़ बिशुनपुरा तक फोरलेन सड़क, और शहर से सटे दक्षिणी भाग जिसको लाइफ लाइन (इनई से बड़ा तेलपा) के मार्ग का विकास शामिल है। इसके अलावा, शहरी व ग्रामीण इलाकों में जलजमाव की चिरपोषित समस्या से स्थायी निजात पाने, डिवाइडर लाइट लगाने और प्रभुनाथ नगर क्षेत्र में जलनिकासी के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई है।नागरिकों के लिए आधुनिक पार्कों का निर्माण और जटही पोखरा सहित अन्य प्रमुख तालाबों का जीर्णोद्धार भी इस एजेंडे का अहम हिस्सा रहा। हालांकि मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। विधायक छोटी कुमारी ने विश्वास जताया है कि सरकार के इस सकारात्मक रुख से छपरा विधानसभा क्षेत्र के विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी और क्षेत्र को एक सुगम, सुंदर व विकसित स्वरूप प्रदान करने का उनका संकल्प पूरा होगा।

रिविलगंज और सिताबदियारा के बीच पीपा पुल के निर्माण और शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए डबल डेकर निर्माण में तेजी।ब्रह्मपुर से बिशुनपुरा तक फोरलेन, इनाई से धर्मनाथ मंदिर होते हुए बड़ा तेलपा तक मार्ग, और सांढ़ा ओवरब्रिज से मौना चौक तक लिंक पथ।रामायण काल से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों जैसे हनुमान जी के ननिहाल, गौतम ऋषि स्थान और श्रृंगी ऋषि आश्रम का सौंदर्यीकरण।जलजमाव की स्थायी समस्या का समाधान, प्रभुनाथ नगर का विकास, आधुनिक पार्क निर्माण और प्रमुख पोखरों का जीर्णोद्धार शामिल है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी