Bihar Crime News : सारण में आभूषण कारोबारी से बदमाशों ने लूटे लाखों रूपये के गहने, विरोध करने पर किया जानलेवा हमला

Bihar Crime News : सारण में बदमाशों ने आभूषण कारोबारी विशाल कुमार सोनी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद अपराधी सोने-चांदी के बहुमूल्य गहनों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।

कारोबारी पर जानलेवा हमला - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर कानून- व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। हरदेव छपरा चंवर के पास आभूषण कारोबारी वीरेंद्र साह के 28 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सोनी को अपराधियों ने निशाना बनाते हुए बदमाशों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट और चाकू से हमला कर सोने- चांदी के गहनों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि विशाल कुमार सोनी अपनी दुकान से जुड़े कार्यों और तकादे के सिलसिले में निकले थे। इसी दौरान सुनसान इलाके में घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हमले में विशाल के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

अपराधियों ने थैले में रखे करीब 70 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 3 किलोग्राम चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर चंपत हो गए। लूटे गए सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान अवस्था में विशाल को तुरंत सदर अस्पताल, छपरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इस हाई- प्रोफाइल लूटकांड के पीछे आपसी रंजिश और वित्तीय विवाद के एंगल की भी चर्चा है। शुरुआती छानबीन में पुराने लेन- देन और करीब 40 हजार रुपए के बकाए को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि यह घटना महज सुनियोजित लूट है या इसके पीछे कोई पुरानी कारोबारी दुश्मनी जुड़ी हुई है।

सूचना मिलते ही कोपा थाने की पुलिस हरकत में आकर घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत और दिए गए बयानों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं संदिग्धों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। जिले में लगातार हो रही इस तरह की आपराधिक घटनाओं से स्थानीय व्यवसायियों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है, जिन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट