थाना परिसर से शौचालय के बहाने फरार हुआ विधि के विरुद्ध बालक, मचा हड़कंप

थाना परिसर से फरार हुआ विधि के विरुद्ध बालक- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : सारण जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां डोरीगंज थाना परिसर से पुलिस अभिरक्षा में रखा गया एक विधि के विरुद्ध बालक चकमा देकर फरार हो गया। मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में थाना लाए गए इस किशोर ने शुक्रवार की अहले सुबह करीब 4:30 बजे सुरक्षाकर्मियों को गच्चा दिया और पुलिस स्टेशन परिसर से बाहर निकल गया। थाना परिसर जैसे अति-सुरक्षित माने जाने वाले स्थान से अभिरक्षा में रखे गए बालक के इस तरह भाग निकलने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।


चौकीदार को दिया झांसा, शौचालय जाने के बहाने हुआ रफूचक्कर 

डोरीगंज थानाध्यक्ष राजशेखर के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात चौकीदार जंगबहादूर मांझी से बालक ने शौचालय जाने का अनुरोध किया था। चौकीदार उसे परिसर स्थित शौचालय तक लेकर गया। शौचालय से बाहर निकलने के बाद बालक ने मौका ताड़ा और चौकीदार की नजर बचाकर अचानक थाना परिसर से बाहर भाग निकला। जब तक पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते या उसे पकड़ने के लिए दौड़ते, तब तक वह काफी दूर निकल चुका था।


संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज, पुलिस की निगरानी पर उठे सवाल 

घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और आसपास के इलाकों में बालक की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन तत्काल उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस अब उसके संभावित ठिकानों, परिजनों, परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, इस घटना ने पुलिस की सतर्कता, निगरानी व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।


जांच के बाद तय होगी जवाबदेही, सुरक्षा चूक की हो रही समीक्षा 

इस घटना ने थाने में हिरासत में रखे जाने वाले विधि के विरुद्ध बालकों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के मानकों को लेकर भी बहस छेड़ दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि बालक के फरार होने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहां और किस स्तर पर चूक हुई। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोषी कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

धर्मेन्द्र की रिपोर्ट