मातम में बदली पर्व की खुशी : नहाने के दौरान पोखर में डूबी दो बहने, 1 की मौत

जिउतिया पर्व के नहाय-खाय के दिन छपरा जिले के लौवां कला गांव में एक अत्यंत दुखद घटना घटी। पोखर में नहाने गई दो बहने डूब गई। इस घटना में एक की मौत हो गई, जबकि एक को मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बचा लिया गया.....

नहाने के दौरान पोखर में डूबने से बच्ची की मौत- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लौवां कला गांव में जिउतिया पर्व के नहाय-खाय के दिन एक अत्यंत दुखद घटना घटी। माई धीया मंदिर के समीप स्थित पोखर में स्नान करने गई दो ममेरी बहनें गहरे पानी में डूब गईं। इस हादसे में 11 वर्षीय एक किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी किशोरी को स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से बचा लिया। इस घटना के बाद पर्व का उल्लास मातम में बदल गया।


11 वर्षीय परिधि की मौत, सिवान की ज्योति का छपरा सदर अस्पताल में इलाज जारी

मृतका की पहचान लौवां कला गांव निवासी श्रीराम राय की 11 वर्षीय पुत्री परिधि कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, डूबने से बचाई गई किशोरी सिवान जिले के दरौंदा (पांडेयपुर) निवासी संजीत यादव की 15 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी है, जो अपने नाना जवाहर राय के घर आई हुई थी। स्थानीय लोगों की मदद से बचाई गई ज्योति का इलाज सदर अस्पताल छपरा में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण

परिजनों के अनुसार, परिधि और ज्योति घर की अन्य महिलाओं के साथ जिउतिया नहान के लिए पोखर पर गई थीं। स्नान के दौरान दोनों अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पोखर में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।


अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने परिधि को किया मृत घोषित, गांव में कोहराम

ग्रामीण दोनों बच्चियों को तत्काल रेफरल अस्पताल बनियापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने परिधि कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद ज्योति को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची बनियापुर थाना पुलिस ने परिधि के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पर्व के दिन हुई इस अनहोनी से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


धर्मेन्द्र की रिपोर्ट