Bihar News : सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी चुने गए वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष, रोहित सिंह बने नए सचिव

Bihar News : वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार की वार्षिक आम सभा (AGM) की बैठक में सर्वसम्मत निर्णय लेते हुए सारण के लोकसभा सांसद राजीव प्रताप रूडी को वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

राजीव प्रताप रूडी को नई जिम्मेवारी - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार की वार्षिक आम सभा की बैठक पटना स्थित पटना क्लब में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जिलों से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति में संस्था के आगामी कार्यक्रमों और वॉलीबॉल के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी को वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके निर्वाचन से बिहार में वॉलीबॉल के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने तथा राज्य में इस खेल को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल की उम्मीद है।

रोहित सिंह चुने सचिव

इसी बैठक में रोहित सिंह को वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार का नया सचिव चुना गया। बैठक में भारतीय वॉलीबॉल महासंघ की गतिविधियों, आगामी स्टेट प्रतियोगिताओं के आयोजन, पिछली वार्षिक आम सभा के कार्यों की पुष्टि, संस्था की आर्थिक स्थिति एवं बजट तथा विभिन्न समितियों के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही एथलीट कमीशन के लिए दो पुरुष एवं दो महिला सदस्यों के चुनाव का विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा। 

प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता: राजीव प्रताप रूडी 

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बिहार में वॉलीबॉल की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है। हमारा प्रयास रहेगा कि बिहार में वॉलीबॉल की गतिविधियों को जिला स्तर तक मजबूत किया जाए और खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार हो। 

युवाओं को जोड़ने का प्रयास

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को खेल एवं फिटनेस से जोड़ने का वातावरण तैयार किया है। बिहार के खिलाड़ियों को भी इन अवसरों का अधिकतम लाभ मिले, इसके लिए वॉलीबॉल के क्षेत्र में प्रभावी एवं संगठित प्रयास किए जाएंगे। बैठक में संस्था के नवनिर्वाचित सचिव रोहित सिंह सहित वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट