सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव : डीएम-एसएसपी ने की तैयारियों की समीक्षा, गुरुवार को होगी मतदान कर्मियों की ब्रीफिंग और अंतिम प्रशिक्षण

बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। बुधवार को डीएम-एसएसपी ने मतगणना हॉल, स्ट्रॉन्ग रूम और प्रवेश-निकास मार्गों की सुरक्षा का जायजा लिया और कई जरुरी निर्देश दिए....

डीएम-एसएसपी ने मतगणना हॉल, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा का लिया जायजा- फोटो : धर्मेंन्द्र रस्तोगी

Chapra : बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विभिन्न कोषांगों के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा कर चुनाव तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।


गुरुवार को होगी मतदान कर्मियों की ब्रीफिंग और अंतिम प्रशिक्षण

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार (22 अक्टूबर) को प्रेक्षागृह में मतदान कर्मियों की विशेष ब्रीफिंग और तीसरा व अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में मतदान दलों के साथ-साथ पुलिस बल, माइक्रो ऑब्जर्वर, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वाड) दल के अधिकारी शामिल होंगे। प्रशिक्षण के बाद सभी दल जिला कोषागार से मतपेटिका, बैलेट पेपर और अन्य आवश्यक मतदान सामग्रियां प्राप्त कर सुरक्षा बलों के साथ अपने-अपने आवंटित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।


पांच जिलों के मतदान अधिकारियों के लिए विशेष व्यवस्था

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के दायरे में आने वाले पांच विभिन्न जिलों से आने वाले मतदान अधिकारियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। जिलाधिकारी ने प्रेक्षागृह, गर्ल्स स्कूल स्थित प्रशिक्षण केंद्र, मतपेटिका संग्रहण स्थल, स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना हॉल का निरीक्षण कर कई निर्देश दिए। दूर-दराज के जिलों से आने वाले अधिकारियों के लिए रात्रि विश्राम, पेयजल, शौचालय, चाय और अन्य बुनियादी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, रिसीविंग सेंटरों पर स्पष्ट साइनेज और हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए गए हैं।


स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता

प्रशासन ने मतगणना हॉल, स्ट्रॉन्ग रूम और प्रवेश-निकास मार्गों की सुरक्षा का जायजा लिया है। स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, नियंत्रण कक्ष और निर्बाध बिजली आपूर्ति के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रेक्षक, निर्वाची पदाधिकारी और पाँचों जिलों के जिलाधिकारियों के बैठने के साथ-साथ अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के लिए भी समुचित व्यवस्था की जा रही है। वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए राजेंद्र स्टेडियम में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।


शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी

इस पूरी प्रशासनिक कवायद के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के साथ एसएसपी रोशन कुमार, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर जिला कलेक्टर मुकेश कुमार व प्रमोद कुमार पांडेय, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार राय, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) नीना झा सहित विभिन्न कोषांगों के तमाम वरीय अधिकारी मौजूद रहे।


धर्मेन्द्र की रिपोर्ट