Bihar News : छपरा नगर निगम में मचा हड़कंप, नगर आयुक्त को रिश्वत की पेशकश के आरोप में टैक्स कलेक्टर हुआ गिरफ्तार
Bihar News : नगर आयुक्त की शिकायत पर नगर थाने की पुलिस ने टैक्स कलेक्टर असगर अली अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर नगर आयुक्त रणजीत कुमार को रिश्वत देने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है।
CHAPRA : सारण जिला मुख्यालय स्थित छपरा नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को उस समय हलचल मच गई, जब नगर आयुक्त की शिकायत पर नगर थाने की पुलिस ने टैक्स कलेक्टर असगर अली अंसारी को कथित तौर पर रिश्वत देने की कोशिश के मामले में गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि नगर आयुक्त रणजीत कुमार को देने के लिए एक पीले लिफाफे में 10 हजार रुपए भेजे गए थे। लिफाफा नगर आयुक्त की मेज तक पहुंचने के बाद खोला गया तो उसमें नोटों का बंडल मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, नगर निगम के हेड क्लर्क तारकेश्वर मिश्रा ने इस संबंध में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। आवेदन में नगर प्रबंधक वेद प्रकाश बरनवाल, कनीय अभियंता तरुण कुमार सहित करीब एक दर्जन निगम कर्मियों को गवाह बनाए जाने की बात कही गई है।
हाईकोर्ट के कागजात बताकर लिफाफा भेजने का आरोप
नगर निगम कर्मियों के अनुसार, असगर अली अंसारी ने एक कर्मचारी को पीला लिफाफा देते हुए कथित तौर पर उसे नगर आयुक्त तक पहुंचाने के लिए कहा। कर्मचारी द्वारा लिफाफे में क्या होने के बारे में पूछे जाने पर उसे कथित तौर पर बताया गया कि उसमें पटना हाईकोर्ट से संबंधित कागजात हैं। बताया जाता है कि कर्मचारी ने लिफाफा नगर आयुक्त के कार्यालय कक्ष में पहुंचा कर उनकी मेज पर रख दिया। नगर आयुक्त ने लिफाफे के संबंध में जानकारी मांगी और कर्मचारियों की मौजूदगी में उसे खुलवाया। आरोप है कि लिफाफे में कागजात के बजाय 10 हजार रुपए मिले। इसके बाद नगर आयुक्त ने नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस नगर निगम कार्यालय पहुंची और शिकायत के आधार पर असगर अली अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि आरोपों के समर्थन में पुलिस के पास क्या साक्ष्य हैं और कथित तौर पर रुपये भेजने के पीछे क्या उद्देश्य था। असगर अली अंसारी भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत टक्कर मोड़, सलापतगंज मोहल्ले के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।
नगर आयुक्त ने टिप्पणी करने से किया इनकार
घटना के संबंध में नगर आयुक्त रणजीत कुमार से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मामले पर विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं दूसरी ओर, गिरफ्तार टैक्स कलेक्टर असगर अली अंसारी का पक्ष तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका है। नगर निगम कर्मियों के अनुसार, असगर अली के खिलाफ पूर्व में भी रिश्वत लेने से संबंधित शिकायतें या मामले सामने आए थे। बताया गया है कि इनमें से एक मामला विचाराधीन है। मौजूदा आरोप के संबंध में कहा जा रहा है कि उक्त मामले में अपने पक्ष में राहत या अनुकूल कार्रवाई के उद्देश्य से नगर आयुक्त को रुपए देने की कथित कोशिश की गई।
धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट