Bihar News : सारण में तटबंध टूटने से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, निरीक्षण करने पहुंचे JE को घेरा, नदी में फेंकने की दी धमकी

Bihar News : सारण जिले के पानापुर प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर इलाके में गंडक नदी का तटबंध टूटने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. इसी कड़ी में उन्होंने निरीक्षण करने पहुंचे JE को घेर लिया......पढ़िए आगे

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : सारण जिले के पानापुर प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर इलाके में तटबंध टूटने के बाद बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को फूट पड़ा। स्थिति का जायजा लेने पहुंचे जल संसाधन विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) चंद्रशेखर कुमार को ग्रामीणों ने घेर लिया। इस दौरान ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर विभाग के एसडीओ सुनील कुमार भी मौजूद थे। 

ग्रामीणों ने लगाया आरोप 

ग्रामीणों का आरोप है कि तटबंध पर समय रहते प्रभावी ढंग से कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया। उनका कहना है कि पानी का दबाव बढ़ने के बाद तटबंध कमजोर पड़ गया और आखिरकार टूट गया। इससे आसपास के इलाके में बाढ़ का पानी तेजी से फैल गया और बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

काम की गुणवत्ता पर उठाए सवाल: 

तटबंध टूटने के बाद ग्रामीणों ने पूर्व में कराए गए कटावरोधी कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि संवेदक और विभागीय स्तर पर मानकों की अनदेखी करते हुए कार्य कराया गया है। उनका दावा है कि तटबंध को मजबूत करने के लिए जहां पर्याप्त बोल्डर और निर्धारित सामग्री का इस्तेमाल होना चाहिए था, वहां कई स्थानों पर केवल बालू भरी बोरियां रख कर काम पूरा कर दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कमजोर और अस्थायी इंतजाम के कारण तटबंध पानी के दबाव को नहीं झेल सका। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र या विभागीय स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है।

जेई से नोकझोंक का वीडियो वायरल: 

इसी दौरान ग्रामीणों और जेई के बीच हुई बहस और धक्का-मुक्की का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीणों की भीड़ और जेई के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित ग्रामीणों ने जेई को नदी में फेंकने तक की बात कही। हालांकि, वीडियो और इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर अब तक प्रशासन या पुलिस के समक्ष कोई लिखित शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं है। घटना के बाद इलाके में विभागीय कार्यों की गुणवत्ता और तटबंध की मरम्मत को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट