Bihar News: सासाराम में ऑटो खड़ा करने के विवाद को लेकर हुई गोलीबारी, मचा हड़कंप
Bihar News: सासाराम में ऑटो खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना में एक युवक को गोली लगी है। जिसे आनन फानन में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
SASARAM: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला सासाराम का है। जहां ऑटो खड़ा करने से मना करने पर एक युवक को गोली मार दी। वहीं आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
दरअसल, पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के गौरक्षणी मोहल्ले का है। जहां गली में ऑटो खड़ा करने से मना करने पर एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। घायल संतोष कुमार सिंह को इलाज के लिए सासाराम के अस्पताल लाया गया है। बताया जाता है कि गोरक्षनि में काफी सकरी गली है। उसमें कुछ लोग ऑटो खड़ा कर रहे थे।
जिसके लिए लगातार कुछ दिनों से मना किया जा रहा था। गली के लोग इसका विरोध भी कर रहे थे। इसको लेकर विवाद हो गया। इसी विवाद में पहले गाली गलौज हुई। लेकिन बाद में फायरिंग कर दी गई। जिसमें संतोष कुमार घायल हो गए। उनके पैर में दो गोली लगी है। जिनका इलाज सासाराम के सदर अस्पताल में चल रहा है।
सासाराम से रंजन की रिपोर्ट
 
                 
                 
                 
                 
                 
                                         
                                         
                     
                     
                     
                    