Bihar Crime: दिनदहाड़े गोलियों की गूंज से दहला बिहार, पत्नी को मायके भेजने गए युवक की ताबड़तोड़ फायरिंग, हत्या से मचा हड़कंप

Bihar Crime: बिहार से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट ने पूरे इलाके को दहला दिया।....

Kaimur Shooting Shocks
दिनदहाड़े गोलियों की गूंज से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट ने पूरे इलाके को दहला दिया। कैमूर  जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के महिला गांव में एक युवक की बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद गांव में दहशत और खौफ का माहौल फैल गया है।

मृतक की पहचान विष्णु कांत मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी को उसके मायके भेजने के लिए घर से निकले थे। दरअसल, पत्नी के पिता के निधन के बाद वह उसे विदा करने के लिए ऑटो तक छोड़ने पहुंचे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही विष्णु कांत मिश्रा ऑटो के पास पहुंचे, उसी दौरान गांव का ही युवक अमित कुमार दुबे अचानक वहां पहुंच गया। बताया जाता है कि आरोपी ने बिना कुछ कहे बेहद नजदीक से चार से पांच राउंड गोलियां दाग दीं। गोलियां मृतक के गाल, सीने और पीठ में लगीं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े और उनकी वहीं मौत हो गई।

घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो विष्णु कांत मिश्रा जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। मृतक के भाई विष्णु देव मिश्रा ने आरोप लगाया है कि गांव के ही अमित कुमार दुबे ने उनके भाई की सरेआम गोली मारकर हत्या की है। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि कुढ़नी थाना क्षेत्र के महिला गांव में गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की तफ्तीश तेज कर दी गई है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पूरे गांव की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर इस खून-खराबे के पीछे की असली वजह क्या थी और पुलिस कब तक आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।

रिपोर्ट -देवब्रत तिवारी