‘विद्यापति एयरपोर्ट’ के नाम से जाना जाएगा दरभंगा हवाई अड्डा, 54वें विद्यापति पर्व के मंच से सीएम का बड़ा ऐलान

दरभंगा जिले में आयोजित 54वें विद्यापति पर्व के मंच से मुख्यमंत्री ने रविवार को बड़ा ऐलान किया। दरभंगा हवाई अड्डा अब विद्यापति एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा....

54वें विद्यापति पर्व के मंच से सीएम का बड़ा ऐलान- फोटो : वरुण ठाकुर

Darbhanga : मिथिला की सांस्कृतिक पहचान और मैथिली साहित्य के महान कवि महाकवि विद्यापति के सम्मान में दरभंगा एयरपोर्ट का नाम अब ‘विद्यापति एयरपोर्ट’ किए जाने की घोषणा की गई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 54वें विद्यापति पर्व समारोह के मंच से यह महत्वपूर्ण ऐलान किया है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद पूरे मिथिला क्षेत्र में एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर एक बार फिर नई चर्चा शुरू हो गई है।


दरभंगा राज परिवार के वंशज कपिलेश्वर सिंह लगातार उठाते रहे हैं महाराज के नाम की मांग

हालांकि, दरभंगा एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर राज परिवार की ओर से लंबे समय से एक अलग मांग उठाई जाती रही है। दरभंगा राज परिवार के वंशज एवं वर्तमान ट्रस्टी कपिलेश्वर सिंह लगातार यह मांग करते रहे हैं कि एयरपोर्ट का नाम दरभंगा महाराज के नाम पर रखा जाए। राज परिवार का तर्क रहा है कि दरभंगा महाराज ने एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी जमीन दान दी थी, इसलिए उनके योगदान और ऐतिहासिक भूमिका को सम्मान देते हुए एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर होना चाहिए।


मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद फिर चर्चा के केंद्र में आया नामकरण का मुद्दा

राज परिवार की ओर से इस विषय पर लगातार आवाज उठाई जाती रही है और अब 54वें विद्यापति पर्व के ऐतिहासिक मंच से मुख्यमंत्री द्वारा ‘विद्यापति एयरपोर्ट’ नाम की घोषणा किए जाने के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। इस घोषणा के साथ ही मिथिला के सियासी और सामाजिक गलियारों में दोनों पहलुओं पर विमर्श तेज हो गया है।


सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं महाकवि विद्यापति, राज परिवार का योगदान भी अहम पहलू

दरअसल, महाकवि विद्यापति मिथिला की भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक माने जाते हैं, जिसके चलते उनके नाम पर एयरपोर्ट के नामकरण की घोषणा को मिथिला की सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। दूसरी ओर, दरभंगा राज परिवार के ऐतिहासिक योगदान और महाराज के नाम पर एयरपोर्ट का नाम रखने की मांग भी इस पूरे प्रकरण का एक महत्वपूर्ण पहलू बनी हुई है।


आधिकारिक प्रक्रिया की दिशा और राज परिवार की प्रतिक्रिया पर टिकी सबकी निगाहें

मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद अब प्रशासनिक व राजनीतिक स्तर पर नामकरण की आधिकारिक प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। साथ ही, सरकार के इस ऐलान के बाद दरभंगा राज परिवार की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, यह देखना भी महत्वपूर्ण होगा।


वरुण की रिपोर्ट