Bihar News : यूपी से मुजफ्फरपुर पहुंची प्रेमिका, प्रेमी के घर में नहीं मिली इंट्री तो जहर खाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : यूपी से प्रेमिका अपने प्रेमी के घर आई थी, लेकिन प्रेमी और उसके परिजनों ने उसे रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रेमिका ने जहर खाकर जान दे दी......पढ़िए आगे

Bihar News : यूपी से मुजफ्फरपुर पहुंची प्रेमिका, प्रेमी के घ
प्रेमिका ने दी जान - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में प्रेम संबंध से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। चक्कर चौक के पास शनिवार को जहर खाने के बाद अचेत मिली उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर की 26 वर्षीय मुन्नी कुमारी की एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही रविवार को उसकी मां सुभावती देवी और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे, जबकि परिवार के मुताबिक मुन्नी दो दिन पहले घर से निकली थी लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह मुजफ्फरपुर पहुंच गई है।

मुन्नी गोरखपुर की एक निजी कंपनी में काम करती थी, जहां मुजफ्फरपुर का एक युवक भी कार्यरत था। दोनों के बीच जान-पहचान हुई और फिर प्रेम संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुन्नी काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के चक्कर चौक के पास सड़क पर बेहोश मिली थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया और गंभीर हालत में एसकेएमसीएच रेफर किया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले मुन्नी ने बताया था कि वह अपने प्रेमी के घर आई थी, लेकिन प्रेमी और उसके परिजनों ने उसे रखने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसे जहर खाकर मर जाने तक की बात कही गई, जिसके बाद उसने जहर खा लिया, हालांकि पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मृतका की मां ने बताया कि मुन्नी का करीब एक साल पहले तलाक हुआ था और परिवार उसकी दूसरी शादी की तैयारी कर रहा था। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। काजी मोहम्मदपुर थाने के दारोगा अनुपम सिन्हा ने बताया कि पुलिस प्रेमी की भूमिका, मोबाइल कॉल डिटेल और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

मणिभूषण की रिपोर्ट