Bihar News : गयाजी में 3.80 करोड़ रूपये के वाहन लोन घोटाले का हुआ खुलासा, 2 बैंक अधिकारियों सहित 28 पर दर्ज हुई FIR

Bihar News : गयाजी में संचालित कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करीब 3 करोड़ 80 लाख रुपये का वाहन लोन लेकर बैंक को चूना लगाया गया है....पढ़िए आगे

वाहन लोन घोटाला - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया जी शहर के जीबी रोड-जिला स्कूल के पूर्वी गेट के पास स्थित कोटक महिंद्रा बैंक से गलत दस्तावेज के आधार पर कई लोगों से वाहन लोन लेकर तीन करोड़ 80 लाख रुपये का चूना लगाने का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले को लेकर कोटक महिंद्रा बैंक के सहायक प्रबंधक कुमार दीपेश ने सिविल लाइंस थाने में कोटक महिंद्रा बैंक में पोस्टेड दो अधिकारियों के साथ-साथ गया जी शहर और आसपास के इलाके के रहने वाले 25 और पटना के एक व्यक्ति पर प्राथमिकी दर्ज करायी है.

जांच में खुलासा

सहायक प्रबंधक ने सिविल लाइंस थाने के दारोगा को बताया है कि इन लोगों ने जानबूझ कर और धोखाधड़ी पूर्वक जाली, मनगढ़ंत और परिवर्तित वाहन पहचान संबंधी विवरण प्रस्तुत करके बैंक से करीब तीन करोड़ 80 लाख रुपये का वाहन लोन प्राप्त किया है. आंतरिक ऑडिट, जांच-पड़ताल और कुछ लोन खातों के सत्यापन के दौरान बैंक ने इंजन नंबर, चेसिस नंबर, वाहन स्वामित्व विवरण तथा उन वाहनों से संबंधित फाइनेंसर विवरणों में गंभीर व चिंताजनक विसंगतियां पायी है, जिनके लिए वित्त सुविधा प्राप्त की गयी थी.

बैंक अधिकारियों पर भी आरोप

मामले में बैंक के आरएएसए सेल्स डिविजन के रिलेशनशिप मैनेजर वारिस आजम और टीम सेल्स मैनेजर रोहित राज को भी नामजद किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वाहन लोन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के दौरान उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है । पुलिस ने बैंक अधिकारियों समेत कुल 28 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. इनमें गया शहर, आसपास के क्षेत्रों और पटना जिले के कुछ निवासी भी शामिल हैं. सभी आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. इधर, सहायक प्रबंधक के बयान पर सिविल लाइंस थाने के दारोगा ने कोटक महिंद्रा बैंक के आरएएसए सेल्स डिविजन के रिलेशनशिप मैनेजर वारिस आजम और आरएएसए सेल्स डिविजन के टीम सेल्स मैनेजर रोहित राज के सहित बुनियादगंज थाने के नौधरिया गांव के रहनेवाले रजनीकांत व गंगेश्वर पासवान, डेल्हा परैया रोड के रहनेवाले विजय कुमार यादव, एयरपोर्ट के सामने राजविल्ला सी ब्लॉक अपार्टमेंट के रहनेवाले इशादुल हक, न्यू करीमगंज-अली मैरेज हॉल के पास रहनेवाले एमडी अरशद व जहादा खातुन, वास्तुविहार पेज तीन-नैनो फोर्थ फ्लोर पर रहनेवाले अयान खान, रमना मुहल्ले के अहमदिया मस्जिद-रीना मंडल रोड के रहने वाले रॉनी व अलीशा नाज. ओल्ड करीमगंज-अल्फी अपार्टमेंट के रहने वाले मोहम्मद शाहबाज व कमरू निशा, रमना रोड-कन्या पाठशाला रोड के रहनेवाले राजेश सिंह, पटना जिले के कौदियारी गांव के रहनेवाले अनूप कुमार सिन्हा व अशोक कुमार सिन्हा, डीएवी कैंट स्कूल-दामारो फर्नीचर के पास रहनेवाले साजिद आलम और फरहान बानो, मानपुर-गांधी नगर ठाकुरबाड़ी मंदिर के पास रहनेवाले बिट्टू कुमार व पत्नी रिमझिम कुमारी, वजीरगंज रोड-कइया वास्तुविहार पेज तीन के रहनेवाले विक्की शर्मा व उनकी पत्नी खुशबु कुमारी ओल्ड करीमगंज के रहने वाले एमडी सरफराज आलम, मारूफगंज-छोटी मस्जिद के रहनेवाले एमडी गुड्डू, गया-डोभी रोड में टीसीएस मॉल-महारानी रोड के पास रहनेवाले सलमा खातून, अलीगंज-कटारी मुहल्ले के रहनेवाले शाकिर अनवर, करीमगंज-दो नंबर गुमटी के पास रहनेवाले मोहम्मद राजा, करीमगंज-दो नंबर गुमटी के पास रहनेवाली नजमा खातून के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.

जांच में जुटी पुलिस

सिविल लाइंस थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है. जांच के दौरान दस्तावेजों की सत्यता, वाहन स्वामित्व और वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी. मामले में जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनके खिलाफ आरोप लगाए गए हैं. हालांकि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होना अभी बाकी है ऐसे में किसी को दोषी नहीं माना जा सकता ।

मनोज की रिपोर्ट