कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने 90 करोड़ की लागत से बने कृषि बाजार समिति का किया निरीक्षण, दिए कई अहम निर्देश
कृषि मंत्री सह गया जिला के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गया के नव निर्मित कृषि बाजार समिति प्रांगण का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को दुकानों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से करने के निर्देश दिए.....
Gayaji : बिहार के कृषि मंत्री सह गया जिला के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गया के चन्दौती स्थित नव निर्मित कृषि बाजार समिति प्रांगण का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में तैयार की गई संरचनाओं और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के अवसर पर उनके साथ गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर तथा कृषि विभाग के अपर सचिव सह कृषि विपणन निदेशक अखिलेश कुमार सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
90 करोड़ की लागत से तैयार बुनियादी ढांचा और पारदर्शी आवंटन
कृषि मंत्री ने 90 करोड़ 02 लाख 46 हजार रुपये की कुल लागत से निर्मित प्रशासनिक भवन, विभिन्न क्षमताओं के गोदामों, दुकानों और विपणन शेड का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को दुकानों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत करने के सख्त निर्देश दिए। दुकानों के सुचारू आवंटन से स्थानीय किसानों और व्यापारियों के लिए कृषि, पशुपालन तथा मत्स्य पालन से जुड़े उत्पादों की खरीद-बिक्री बेहद आसान हो जाएगी।
जैविक व प्राकृतिक उत्पादों के लिए अलग से चिन्हित होंगी दुकानें
जैविक और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कृषि मंत्री ने विशेष निर्देश दिया कि बाजार प्रांगण में जैविक कृषि उत्पादों के लिए अलग से दुकानें चिन्हित की जाएं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से जैविक खेती से जुड़े किसानों का उत्साह बढ़ेगा और आम उपभोक्ताओं को भी शुद्ध एवं गैर-रासायनिक गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेंगे।
संयुक्त कृषि भवन के विभिन्न संभागों का औचक निरीक्षण
बाजार समिति परिसर का जायजा लेने के बाद कृषि मंत्री सीधे परिसर स्थित संयुक्त कृषि भवन पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पौधा संरक्षण, आत्मा, जिला कृषि कार्यालय, मिट्टी जांच प्रयोगशाला, जिला उद्यान कार्यालय और भूमि संरक्षण कार्यालय की कार्यप्रणाली को देखा तथा पूरे भवन एवं परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए।
विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में दिए कार्य में तेजी के निर्देश
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) संजीव कुमार, जिला कृषि विपणन पदाधिकारी बिजेश कुमार, सहायक निदेशक विकास कुमार, उप निदेशक ई. दीपक कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी तबस्सुम परवीन, सहायक निदेशक रसायन अनिल कुमार सहित विभिन्न संभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर विभागीय योजनाओं का लाभ किसानों तक शीघ्र पहुंचाने का निर्देश दिया।
मनोज की रिपोर्ट