हैप्पी पब्लिक स्कूल का विस अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने किया भव्य उद्घाटन, कहा-संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनेगा यह संस्थान
Gayaji : जिले में शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने के उद्देश्य से 'हैप्पी पब्लिक स्कूल' की सीनियर शाखा का भव्य शुभारंभ किया गया है। पिछले 5 वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित हैप्पी किड्स स्कूल की इस नई कणी का उद्घाटन बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, अर्श सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के निदेशक प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नवनीत निश्चल, शांति निकेतन एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक हरि प्रापन उर्फ पप्पू शर्मा, भाजपा एमएलसी जीवन कुमार के प्रतिनिधि प्रो. कृष्ण मुरारी और वरिष्ठ पत्रकार रौशन कुमार सहित कई गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर, दीप प्रज्वलित कर और केक काटकर किया।
मेहनत और दृढ़ संकल्प से मिलेगी बड़ी सफलता: डॉ. प्रेम कुमार
उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि हैप्पी पब्लिक स्कूल गया में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह इस संस्थान के किड्स विंग ने पिछले वर्षों में बेहतर प्रदर्शन कर अभिभावकों का अटूट विश्वास जीता है, ठीक उसी प्रकार यह सीनियर विंग भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेगी। उन्होंने स्कूल के निदेशक बिक्रमादित्य कुमार के उच्च शैक्षणिक बैकग्राउंड और सामाजिक व पत्रकारिता क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जब ईमानदारी और संकल्प के साथ काम होगा, तो गया के बच्चों को बेहतर संस्कार और बेहतरीन शिक्षा अवश्य मिलेगी।
एक लक्ष्य के साथ काम कर रही स्कूल की पूरी टीम: हरि प्रापन
विशिष्ट अतिथि और शांति निकेतन एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक हरि प्रापन उर्फ पप्पू शर्मा ने स्कूल परिवार को बधाई देते हुए कहा कि हैप्पी पब्लिक स्कूल में आकर यह साफ महसूस हो रहा है कि यहाँ के निदेशक, प्रिंसिपल, शिक्षक और कर्मचारी सभी एक साझा लक्ष्य के साथ बच्चों के भविष्य को संवारने में जुटे हैं। वहीं, डॉ. नवनीत निश्चल ने स्कूल की आधुनिक व्यवस्था और प्रबंधन की कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के उत्कृष्ट माहौल से संस्थान का तेजी से उत्थान होगा और आने वाले दिनों में यह स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में जिले के लोगों के बीच अपनी एक अलग और प्रतिष्ठित पहचान स्थापित करेगा।
अभिभावकों के अपार स्नेह और विश्वास ने दी नई प्रेरणा
समारोह में आए सभी अतिथियों का सहृदय स्वागत, आभार और धन्यवाद प्रकट करते हुए स्कूल के निदेशक व पत्रकार बिक्रमादित्य कुमार ने कहा कि हैप्पी किड्स स्कूल की सफलता के बाद सैकड़ों अभिभावकों का जो निरंतर प्यार और सानिध्य मिल रहा था, उसी ने उन्हें इस सीनियर विंग (हैप्पी पब्लिक स्कूल) को शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि स्कूल प्रबंधन पूरी निष्ठा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनके सामाजिक उत्थान में अपना अहम योगदान देकर समाज की नजरों में कसौटी पर हमेशा खरा उतरेगा।
अतिथियों का हुआ सम्मान, 500 से अधिक लोग समारोह में हुए शामिल
इस गरिमामयी उद्घाटन समारोह के मंच का कुशल संचालन भाजपा एमएलसी जीवन कुमार के प्रतिनिधि सह मगध डायरी के संपादक प्रो. कृष्ण मुरारी ने किया। इस विशेष अवसर पर स्कूल परिवार द्वारा आए हुए सभी विशिष्ट अतिथियों, शिक्षकों और प्रबुद्ध अभिभावकों को अंग-वस्त्र एवं मेमेंटो (स्मृति चिन्ह) प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में कौशलेंद्र शर्मा, इंद्रेश शर्मा, पिंटू शर्मा, अजय कुमार, छोटू यादव, रोशन, दीपक सहित 500 से अधिक गणमान्य लोगों और अभिभावकों ने शिरकत की तथा कार्यक्रम के समापन पर प्रीतिभोज का आनंद लिया।
बिक्रमादित्य की रिपोर्ट