रेलवे ट्रैक पर मिला 35 वर्षीय युवक का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका से इलाके में सनसनी

गयाजी जिले के गया-किऊल रेलखंड पर वजीरगंज के समीप कोल्हना टोला रघुनाथपुर के सामने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई....

रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां गया-किऊल रेलखंड पर वजीरगंज के समीप कोल्हना टोला रघुनाथपुर के सामने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुनावां गांव निवासी 35 वर्षीय सहदेव चौधरी उर्फ साहब चौधरी के रूप में की गई है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की बाइक, मोबाइल और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।


रात 10 बजे घर से निकला था युवक, बाहरी शरीर पर चोट के निशान नहीं; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

जानकारी के अनुसार, सहदेव चौधरी गुरुवार की रात करीब 10 बजे अपने घर से निकले थे, जिसके बाद देर रात लगभग 2:30 बजे रेलवे ट्रैक पर उनका शव पड़े होने की सूचना मिली। प्रथम दृष्टया शव के बाहरी हिस्से पर किसी प्रकार के चोट के निशान दिखाई नहीं दिए हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शुक्रवार की सुबह घटना की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, वहीं पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर तकनीकी साक्ष्य संकलित कराए हैं।


कॉल डिटेल और टावर लोकेशन खंगालेगी पुलिस, आवेदन मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी: थानाध्यक्ष

वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि गुरुवार की देर रात करीब 2:40 बजे स्टेशन मास्टर से रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलने पर गश्ती दल को मौके पर भेजा गया था, लेकिन अंधेरे के कारण शुरुआत में शिनाख्त नहीं हो सकी और शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पहचान होने के बाद परिजनों को सूचित किया गया। 


उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और टावर लोकेशन के आधार पर उसकी गतिविधियों व घटनाक्रम से जुड़े सुराग जुटाए जाएंगे, जबकि परिजनों से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


मनोज की रिपोर्ट