Jamui Crime News: लूट के प्रयास में गोलीबारी, ग्रामीणों व पुलिस ने 3 बदमाशों को दबोचा

जमुई के मड़वा पहाड़ के पास प्रतापपुर में बाइक लूट की कोशिश और गोलीबारी के मामले में पुलिस व ग्रामीणों ने 3 युवकों को पकड़ा। एक आरोपी अस्पताल में भर्ती।

Jamui Bike Loot Firing
जमुई मड़वा पहाड़ के पास बाइक लूट का प्रयास तीन युवक गिरफ्तार- फोटो : Reporter

जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ के समीप प्रतापपुर गांव में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बाइक लूट के प्रयास, मारपीट और गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित कपिल यादव के बयान के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


शिव मंदिर के सामने रोका, विरोध पर मारपीट

पीड़ित कपिल यादव के मुताबिक, वह जमुई मंडल कारा से अपने घर प्रतापपुर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रतापपुर स्थित शिव मंदिर के सामने तीन युवकों ने उन्हें रोककर बाइक लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की, जबकि शोर सुनकर ग्रामीणों को आते देख आरोपित वहां से भागने लगे।


ग्रामीणों और डायल-112 पुलिस ने खेतों में खदेड़कर पकड़ा

ग्रामीणों ने एक आरोपित को घटनास्थल पर ही दबोच लिया, जबकि अन्य दो युवक मड़वा पहाड़ की ओर भागते हुए कथित तौर पर गोलीबारी करने लगे। भागते हुए दोनों युवक सोनय मड़वा होते हुए ढंड गांव पहुंचे, जहां डायल-112 की पुलिस टीम और ग्रामीणों ने खेतों में खदेड़कर उन्हें भी पकड़ लिया।


खोखे की तलाश और आरोपितों की पहचान

सूचना मिलते ही टाउन थाना के दरोगा विक्रम सिंह, विशाल कुमार और सुनील शाह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और गोली का खोखा तलाशा, हालांकि घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हो सका। पकड़े गए युवकों की पहचान सचिन महतो (काकन), प्रेम कुमार (काकन बिलदरिया) और गौरव राम के रूप में हुई है, वहीं ग्रामीणों का दावा है कि आरोपितों ने भागने के दौरान करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की और पहले भी पीड़ित के भाई बंटी यादव के साथ छिनतई के प्रयास के मामले में दो आरोपित जेल जा चुके हैं।


एक आरोपित अस्पताल में भर्ती, कानूनी कार्रवाई जारी

हिरासत में लिए गए युवकों में शामिल प्रेम कुमार की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई में भर्ती कराया है। टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों युवकों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जमुई से सुमित सिंह की रिपोर्ट