रालोजपा में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन : प्रिंस राज बने राष्ट्रीय अध्यक्ष, पशुपति कुमार पारस संरक्षक

नई दिल्ली में रालोजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक में सर्वसम्मति से नेतृत्व परिवर्तन हुआ। जिसमें, पशुपति कुमार पारस को संरक्षक और प्रिंस राज को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया...

रालोजपा में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन : प्रिंस राज बने राष्ट्रीय
रालोजपा में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन - फोटो : धीरज सिंह

Delhi/Patna : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रफी मार्ग स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में संपन्न हुई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में संगठन के पुनर्गठन, सुदृढ़ीकरण और भविष्य की नीतियों के निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


सर्वसम्मति से हुआ नेतृत्व परिवर्तन, पशुपति पारस संरक्षक व प्रिंस राज अध्यक्ष नियुक्त

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस को पार्टी का संरक्षक नियुक्त करने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही पूर्व लोकसभा सांसद प्रिंस राज को रालोजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा यश राज को पार्टी के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है।

जनसरोकार, किसानों, युवाओं व वंचित वर्गों के हितों की रक्षा का लिया गया संकल्प

कार्यकारिणी की बैठक में देश के समक्ष उपस्थित प्रमुख चुनौतियों, आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर व्यापक चर्चा हुई। इस मौके पर जनसरोकार से जुड़े विषयों पर पार्टी की सक्रिय भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प भी लिया गया।


बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और आगामी चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन

बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी ढांचे को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को नया स्वरूप देने तथा आगामी चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।


वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी, नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रिंस राज ने जताया आभार

बैठक में विनोद नागर, संजय सर्राफ, ललन चौधरी, एल्विस जोसेफ, संजीव रंजन (बिट्टू गुप्ता), राज कुमार राज, ए. पी. शशिकुमार और महताब आलम उपस्थित रहे, जबकि बिहार प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद चंदन सिंह सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर अपनी सहमति प्रदान की। अंत में नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रिंस राज ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।


धीरज की रिपोर्ट