Bihar News : गयाजी को रेलवे डिवीजन बनाने की मांग, कांग्रेस नेताओं ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, आंदोलन की दी चेतावनी

Bihar News : विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपना स्थान रखने वाला गयाजी शहर के गयाजी रेल्वे जंक्शन को रेलवे डिविजन बनाने की मांग कॉंग्रेस पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से किया है।

रेलवे डिविजन बनाने की मांग - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त और विश्व पर्यटन मानचित्र पर खास पहचान रखने वाले गयाजी शहर के गयाजी रेलवे जंक्शन को रेलवे डिवीजन बनाने की मांग तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से गयाजी जंक्शन को अविलंब रेलवे डिवीजन का दर्जा देने की जोरदार मांग की है।

सभी अहर्ताएं पूरी करता है जंक्शन

मांग करने वाले कांग्रेस नेताओं में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली और जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह शामिल हैं। नेताओं का कहना है कि पूर्व-मध्य रेलवे का यह महत्वपूर्ण और बड़ा स्टेशन निर्माणाधीन वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन है। यह एक स्वतंत्र रेलवे डिवीजन बनने की सभी जरूरी अहर्ताओं को पूरी करता है।

वैश्विक पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि गयाजी में हर साल लाखों की संख्या में देश-विदेश से हिंदू और बौद्ध धर्मावलंबी आते हैं। यहाँ डीआरएम कार्यालय खुलने से न सिर्फ वैश्विक पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय आमजन को भी बड़ा फायदा होगा। डिवीजन बनने से गयाजी से मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे महानगरों के लिए सीधी लंबी दूरी की ट्रेनें खुलना आसान हो जाएगा।

आसपास के स्टेशनों का भी हो चहुंमुखी विकास

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंक्शन की खाली पड़ी जमीनों के सही इस्तेमाल की भी मांग की है। उनका कहना है कि मुख्य सड़कों पर स्थित रेलवे की जमीन पर मॉल और दुकानें खोली जाएं। इसके अलावा, सालों से निर्माणाधीन रेलवे सिनेमा की जमीन पर बन रहे मल्टीप्लेक्स का काम जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही गयाजी शहर के मानपुर, ईश्वर चौधरी हॉल्ट, बंधुआ, काष्ठा और चाकंद रेलवे स्टेशनों का चहुंमुखी विकास किया जाए।

मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं जिनमें टिंकू गिरी, सुनील कुमार पासवान, शिव कुमार चौरसिया, राजीव कुमार सिंह उर्फ लबी सिंह, विशाल कुमार और मुन्ना मांझी आदि शामिल हैं ने साफ किया है कि गयाजी रेलवे जंक्शन को डिवीजन बनाने समेत इन सभी जनहित की मांगों को पूरा कराने के लिए कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। इसके लिए आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा।