गया में लड्डू व्यवसायी के घर डकैती, विरोध करने पर महिला पर फायरिंग

गया जिले में बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया है। जिले के शेरघाटी में हथियारबंद बदमाशों ने प्रसिद्ध लड्डू व्यवसायी के घर से तकरीबन सात लाख रुपये और लाखों के सामान को लेकर फरार हो गए। वही विरोध करने पर महिला पर गोली चला दी...

गया में लड्डू व्यवसायी के घर डकैती- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के शेरघाटी शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार तड़के हथियारबंद चोरों ने नई बाजार स्थित पावर ग्रिड के समीप एक प्रसिद्ध लड्डू व्यवसायी के घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर की खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब सात लाख रुपये नकद सहित लाखों रुपये के कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


जाग होने पर किरायेदार महिला पर चलाई गोलीबाल-बाल बची जान

घटना सुबह करीब सवा तीन बजे की है, जब इलाके में तेज बारिश हो रही थी। पीड़ित व्यवसायी किशोर कुमार की किरायेदार कविता देवी बाहर सूख रहे कपड़े लेने के लिए निकलीं। इसी दौरान उन्होंने खिड़की के पास दो संदिग्धों को देखा। जब उन्होंने शोर मचाते हुए चोरों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर सीधे फायरिंग कर दी। गोली उनके बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे उनकी जान बाल-बाल बची। महिला की चीख-पुकार और गोली की आवाज सुनकर जब तक पड़ोसी जुटे, चोर माल समेटकर भाग चुके थे।


मौके पर पहुंची पुलिसडॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक जांच शुरू

वारदात की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस सुबह करीब 3:45 बजे मौके पर पहुंची। थाना के पदाधिकारी संतोष राम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अपराधियों को पकड़ने के लिए सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है। वहीं, घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।


एक महीने में कई घरों को बनाया निशानापुलिस गश्त पर उठे सवाल

इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि नई बाजार और नूतन नगर इलाकों में पिछले एक महीने से लगातार चोरियां हो रही हैं। इससे पहले रवि सिंह के घर से 25 लाख रुपये के जेवर चोरी हुए थे, जबकि अर्जुन साव और वीरेंद्र साव समेत आधा दर्जन से अधिक घरों को चोर निशाना बना चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त सिर्फ कागजों पर चल रही है, जिससे अपराधियों में कोई खौफ नहीं रह गया है।


गिरफ्तारी न होने पर स्थानीय लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

लगातार हो रही वारदातों से सहमे और नाराज शहरवासियों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। स्थानीय प्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुलिस को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश और चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। लोगों ने क्षेत्र में भय का माहौल खत्म करने के लिए तुरंत प्रभावी पुलिस कार्रवाई की मांग की है।


मनोज कुमार की रिपोर्ट