Flood in Falgu River: फल्गु नदी की बाढ़ बनी आफत, गया जी में सिक्स लेन पुल के नीचे सो रहे 10 लोग फंसे
Flood in Falgu River: मानसून की दस्तक के साथ ही बिहार के गया ज़िले में फल्गु नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया।....
Flood in Falgu River: मानसून की दस्तक के साथ ही बिहार के गया जी ज़िले में फल्गु नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया। गुरुवार की सुबह नदी में अचानक आई बाढ़ ने सिक्स लेन पुल के नीचे सो रहे 10 लोगों को बुरी तरह फंसा दिया। ये सभी लोग खानाबदोश (बेघर) हैं, जो गर्मियों में पुल के नीचे शरण लेते हैं।
बाढ़ का पानी अचानक इतना बढ़ गया कि ये लोग चीखने-चिल्लाने लगे, जिससे स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई।
मामले की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ लोगों को रस्सी के सहारे खींचकर बाहर निकाला गया, जबकि कुछ को SDRF के जवानों ने तैरकर सुरक्षित बाहर निकाला।गनीमत रही कि कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। समय पर राहत पहुंचने से सभी लोग सकुशल बाहर निकाल लिए गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिक्स लेन पुल के नीचे अक्सर गरीब और बेघर लोग गर्मियों में रात गुज़ारते हैं। लेकिन मानसून की पहली ही बारिश में फल्गु नदी का जलस्तर बढ़ गया और ये लोग अचानक बाढ़ में फंस गए।