Bihar News : गयाजी में शराब माफिया पर पुलिस ने कसा शिकंजा, डीसीएम ट्रक पर लोड लाखों की विदेशी शराब किया बरामद
Bihar News : गयाजी पुलिस ने डीसीएम ट्रक पर लोड 35 सौ लीटर से अधिक अवैध विदेशी शराब बरामद किया है। वहीँ मौके से तस्कर को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे
GAYAJI : जिले में अवैध विदेशी शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शेरघाटी थाना क्षेत्र के पिपरपांती इलाके में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक डीसीएम ट्रक को जब्त किया है। ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त डीसीएम ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर MP09GH3712 है। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 3548.880 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
मामले में गिरफ्तार व्यक्ति का नाम और पता फिलहाल अज्ञात बताया गया है। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। इस कार्रवाई में शेरघाटी थाना और सशस्त्र बल के जवानों की टीम शामिल रही। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे और खुलासे की उम्मीद है।
वहीँ गयाजी पुलिस ने अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 485 लीटर देसी महुआ शराब, 12 लीटर विदेशी शराब और 3 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, डेल्हा थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 12 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं, मेयर थाना क्षेत्र से 35 लीटर देसी महुआ शराब जब्त की गई।
इसके अलावा फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 400 लीटर देसी महुआ शराब और दो मोटरसाइकिल बरामद कीं। वहीं, लदुआ थाना क्षेत्र से 50 लीटर देसी महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। सभी मामलों में संबंधित थानों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
मनोज की रिपोर्ट