Bihar News: साइबर ठगी और नशे के खिलाफ कॉलेज में गरजे NCC कैडेट्स, पुलिस ने बताए बचाव के तरीके
Bihar News: गया कॉलेज में साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया।..
Bihar News: गया कॉलेज में साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस और एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स को ऑनलाइन ठगी से बचाव के साथ-साथ मादक पदार्थों के खतरनाक दुष्प्रभावों के बारे में अहम जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मकसद युवाओं को साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त से बचाना तथा उन्हें समाज में जागरूकता का पैगामवाहक बनाना रहा।
अभियान के दौरान कैडेट्स को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड और बैंकिंग ठगी से बचने के लिए जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करने और ओटीपी बताने से बड़ा नुकसान हो सकता है। कैडेट्स को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, कार्यक्रम में NDPS एक्ट और मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने एनसीसी कैडेट्स से खुद नशे से दूर रहने और अपने आसपास के युवाओं तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक, गया, नगर पुलिस अधीक्षक, गया समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और एनसीसी अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कैडेट्स से साइबर अपराध और नशे के खिलाफ सजग रहकर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया।पुलिस और एनसीसी का यह संयुक्त अभियान युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, नशामुक्त जीवन और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करने की अहम पहल के तौर पर सामने आया।
रिपोर्ट- मनोज कुमार