गयाजी का गौतम यादव हत्याकांड: परिजनों ने निकाला कैंडल मार्च, CM आवास का घेराव करने की चेतावनी

मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के चर्चित गौतम यादव हत्याकांड में पुलिस द्वारा नामजद आरोपियों को पूछताछ के बाद छोड़ देने पर परिजनों का गुस्सा भड़क उठा है।विशुनगंज बाजार से गोपालपुर तक भारी संख्या में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी

गयाजी का गौतम यादव हत्याकांड: परिजनों ने निकाला कैंडल मार्च- फोटो : Reporter

गया जिले के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गौतम यादव हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों और पीड़ित परिजनों का गुस्सा मंगलवार को एक बार फिर सड़क पर उतर आया। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए चार नामजद आरोपितों को पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने विशुनगंज बाजार से लेकर गोपालपुर तक एक विशाल कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सभी आरोपितों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की।


परिजनों ने लगाया पुलिस पर लेन-देन का आरोप, अधिकारी ने नकारा

मृतक गौतम कुमार मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी राजकुमार यादव के पुत्र थे। परिजनों का सीधा और गंभीर आरोप है कि पुलिस ने हत्या के मामले में चार मुख्य नामजद संदेही आरोपितों को पकड़ा तो था, लेकिन बाद में साठगांठ और पैसे का लेन-देन करके उन्हें छोड़ दिया। हालांकि, पुलिस महकमे ने परिजनों के इन दावों को पूरी तरह खारिज किया है। सिटी एसपी (SP City) ने परिजनों द्वारा लगाए गए रिश्वत के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और गलत बताया है।


चार दिनों का अल्टीमेटम, मांग पूरी न होने पर सीएम आवास के घेराव की चेतावनी

कैंडल मार्च के दौरान आक्रोशित परिजनों ने बताया कि पुलिस के आला अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि आगामी चार दिनों के भीतर इस हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा तय की गई समय-सीमा के भीतर सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे सीधे राजधानी पटना का रुख करेंगे और मुख्यमंत्री का घेराव कर अपना उग्र विरोध दर्ज कराएंगे।


10 जुलाई की रात हुआ था जानलेवा हमला, सूद के लेन-देन का है विवाद

गौरतलब है कि बीते 10 जुलाई की रात अपराधियों ने गौतम यादव पर धारदार हथियार से बेहद बेरहमी से जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस द्वारा की जा रही प्रारंभिक जांच और इनपुट के अनुसार, इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे सूद (ब्याज) पर दिए गए पैसे के लेन-देन से जुड़ा एक पुराना विवाद सामने आ रहा है, जिसकी कड़ियों को पुलिस सुलझाने में जुटी है।

रिपोर्ट - मनोज कुमार