Bihar News: मंत्री विजय कुमार सिन्हा का अधिकारियों को सख्त निर्देश, लंबित योजनाओं को समय सीमा में पूरा करने का आदेश
Bihar News: प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लंबित योजनाओं को समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया है...
Bihar News: गया जिला परिषद सभागार में गुरुवार को जिले में चल रही विकास योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि मंत्री सह गया जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जिले के विधायक और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और विभागीय कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और कार्यों में आ रही अड़चनों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों को लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का मकसद तभी पूरा होगा, जब उसका वास्तविक लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे।उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतने और विकास कार्यों की लगातार निगरानी करने पर जोर दिया। विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में विकास योजनाओं के अलावा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। जिले में चल रहे सरकारी कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति और लोगों तक उनके लाभ की पहुंच को लेकर अधिकारियों से फीडबैक लिया गया।प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों तक बुनियादी सुविधाएं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए प्रशासनिक तंत्र को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।
बैठक में मौजूद विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास और जनहित के मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा। संबंधित अधिकारियों को इन मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।समीक्षा बैठक के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अब लंबित योजनाओं को गति देने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को धरातल पर और प्रभावी बनाने की चुनौती है। प्रभारी मंत्री के निर्देशों के बाद आने वाले दिनों में विकास योजनाओं की प्रगति पर प्रशासनिक निगरानी और तेज होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार