Bihar News : गाड़ी में तेल का बहाना बनाकर पुलिस ने ज्योति मांझी का नहीं किया स्कॉर्ट, गया पुलिस पर जमकर बरसे जीतनराम मांझी, कहा- 8 दिन में एक्शन नहीं तो होगा आंदोलन
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने हम की विधायक ज्योति मांझी पर हुए हालिया हमले को लेकर गया पुलिस और मोहनपुर थाना प्रभारी पर गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं......पढ़िए आगे
GAYAJI : जिले के गया-बोधगया रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित “सांसद खेल महोत्सव 2026” कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी समेत हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के कई विधायक और नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने विधायक ज्योति मांझी हुए हमले को लेकर गया पुलिस और मोहनपुर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि यदि सात से आठ दिनों के भीतर थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं हुई और हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। मांझी ने कहा कि विधायक ज्योति मांझी पर यह पहला हमला नहीं है, इससे पहले भी कई बार उन पर हमले हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर मोहनपुर थाना की पुलिस स्कॉर्ट में रहती तो यह घटना नहीं होती।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि थाना प्रभारी ने सुरक्षा देने से यह कहकर मना कर दिया था कि गाड़ी में तेल नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब घटना हुई और पुलिस मौके पर पहुंची, तब गाड़ी में तेल कहां से आ गया? उन्होंने कहा कि घटना के दौरान ही अपराधियों को पकड़ा जा सकता था, क्योंकि पुलिस दोनों तरफ से पहुंची थी। बावजूद इसके हमलावर फरार हो गए। मांझी ने आरोप लगाया कि जानबूझकर अपराधियों को बचाया जा रहा है।
जीतन राम मांझी ने यह भी कहा कि विधायक ज्योति मांझी महादलित समाज से आती हैं और इसी कारण उनके खिलाफ साजिश की जा रही है। उन्होंने मोहनपुर थाना प्रभारी पर जानबूझकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के कार्यकर्ता डीएम और एसएसपी आवास का घेराव करेंगे।
मनोज की रिपोर्ट