नशे के अवैध कारोबार पर गया पुलिस ने कसा शिकंजा, दो अलग-अलग मामलों में पांच गिरफ्तार

गया जी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अफीम की खेती और तस्करी मामले में 4 और विदेशी शराब के 1 तस्कर को गिरफ्तार किया है.....

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई के तहत पुलिस ने इमामगंज थाना क्षेत्र से अफीम की खेती और तस्करी में लिप्त चार आरोपियों को दबोचा, जबकि दूसरी कार्रवाई में बोधिबीघा थाना क्षेत्र से पिकअप वाहन के गुप्त तहखाने से 423 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।


इमामगंज थाना क्षेत्र में अफीम की तस्करी करने वाले चार तस्कर गिरफ्तार

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई इमामगंज थाना क्षेत्र के जंगली इलाके में की गई। यहां पुलिस ने अफीम की खेती और तस्करी से जुड़े चार कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी चारों आरोपी छकरबंधा थाना क्षेत्र के बरहा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।


बोधिबीघा थाना क्षेत्र में पिकअप के तहखाने से 423 लीटर विदेशी शराब बरामद

वहीं, दूसरी बड़ी कार्रवाई बोधिबीघा थाना क्षेत्र के गोटी बांध के समीप अंजाम दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड के रास्ते एक पिकअप वाहन के जरिए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब लाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन की घेराबंदी कर उसे रोक लिया। जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो उसमें विशेष रूप से एक गुप्त तहखाना बनाया हुआ मिला, जिसमें छिपाकर कुल 423 लीटर विदेशी शराब रखी गई थी। पुलिस ने शराब और पिकअप वाहन को जब्त करते हुए भोजपुर जिले के रहने वाले एक शराब तस्कर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।


एसडीपीओ धीरज कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी पूरे ऑपरेशन की जानकारी

इस पूरी दोहरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए इमामगंज के एसडीपीओ धीरज कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों के अन्य आपराधिक संपर्कों और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की सुरागकशी में जुटी है।


मनोज की रिपोर्ट