Bihar News : सारण में दो बाइक के बीच आमने सामने की हुई टक्कर, बेटे को छोड़कर घर लौट रहे पिता की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News : सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई....पढ़िए आगे

Bihar News : सारण में दो बाइक के बीच आमने सामने की हुई टक्कर
बुजुर्ग की मौत - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप बुधवार को दो बाइकों की आमने- सामने टक्कर में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। मृतक की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत अपहर गांव निवासी शोभन राय के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। 

मिली जानकारी के मुताबिक उनका छोटा पुत्र कृष्णा राय दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह छठ महापर्व में शामिल होने के लिए घर आया था। बुधवार के दोपहर में छठ पूजा संपन्न होने के बाद वह वापस दिल्ली जाने के लिए निकला। पिता शोभन राय उसे छोड़ने के लिए भेल्दी गए थे। वहां से कृष्णा को छपरा जाने वाले वाहन पर बैठाकर वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

घर लौटने के दौरान अपहर प्राथमिक विद्यालय के समीप अमनौर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शोभन राय की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर भेल्दी थाने की पुलिस और डायल- 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, दोनों घायलों को इलाज के लिए अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। 

शोभन राय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति की मौत की सूचना पर पत्नी शिवकुमारी देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। वहीं, पुत्र उमेश राय, सुबास राय, अशोक राय और कृष्णा राय के साथ पुत्रियां तेतरी और बबीता का रो- रोकर बुरा हाल है। छठ की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। मालूम हो कि शोभन राय के चार पुत्र हैं और सभी दूसरे प्रदेशों में रहकर काम करते हैं।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट