बिहार परिवहन विभाग का सख्त एक्शन: सभी आरोप प्रमाणित होने के बाद प्रवर्तन निरीक्षक श्यामनंदन प्रसाद बर्खास्त

बिहार परिवहन विभाग का सख्त एक्शन: सभी आरोप प्रमाणित होने के

पटना। सरकारी राजस्व के मामले में लापरवाही और विभागीय अनुशासन की अनदेखी एक प्रवर्तन निरीक्षक को भारी पड़ गई। परिवहन विभाग ने श्यामनंदन प्रसाद को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच में लगाए गए सभी आरोप प्रमाणित पाए गए, जिसके बाद परिवहन कमिश्नर ने बर्खास्तगी का आदेश जारी किया।


प्रवर्तन निरीक्षक पर 21 लाख 25 हजार रुपये के ई-चालान की राशि की इंट्री नहीं करने, राजस्व संग्रह में गंभीर लापरवाही बरतने और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने जैसे आरोप थे। इन आरोपों को लेकर विभाग ने अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की थी।


मामले में संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। उन्होंने अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन विभागीय जांच आगे बढ़ी। जांच आयुक्त ने मामले से जुड़े आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की पड़ताल के बाद अपनी रिपोर्ट में सभी आरोपों को प्रमाणित करार दिया।


जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई का फैसला लिया। परिवहन कमिश्नर आरिफ अहसन ने 18 नवंबर को बर्खास्तगी का आदेश जारी कर दिया। यह कार्रवाई सरकारी राजस्व के प्रति जवाबदेही और विभागीय अनुशासन को लेकर परिवहन विभाग के सख्त रुख का संकेत है।