Bihar Police : गयाजी में डाक पार्सल लिखी गाड़ी से पुलिस ने 1209 लीटर अंग्रेजी शराब किया जब्त, चालक और खलासी को किया गिरफ्तार

Bihar Police : बाराचट्टी पुलिस ने रविवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक पार्सल लिखे चारपहिया वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है......पढ़िए आगे

शराब की बड़ी खेप बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गया जिले की बाराचट्टी पुलिस ने रविवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक पार्सल लिखे चारपहिया वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में वाहन के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बरामद अंग्रेजी शराब की कुल मात्रा करीब 1209 लीटर बताई गई है।

इस संबंध में डीएसपी-2 शेरघाटी राजन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक चारपहिया वाहन में भारी मात्रा में शराब लेकर बिहार के रास्ते पटना ले जाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर रविवार सुबह करीब चार बजे बाराचट्टी थाना क्षेत्र के तेतरिया के समीप पुलिस ने वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान झारखंड की ओर से आ रहे डाक पार्सल लिखे वाहन पर पुलिस को संदेह हुआ। वाहन रोकने पर चालक ने उसमें डाक पार्सल का सामान होने की बात कही, जिसके बाद पुलिस वाहन को थाने ले आई और उसकी गहन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से ऑफिसर्स चॉइस कंपनी की 140 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 1209 लीटर है। पुलिस ने शराब समेत वाहन को जब्त कर लिया और गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल कुमार (निवासी परस बिगहा, जिला जहानाबाद) तथा आदित्य कुमार (निवासी खैरा बाजार, थाना किंजर, जिला अरवल) के रूप में की है।

फिलहाल पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य बिंदुओं पर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।

मनोज की रिपोर्ट