पितरों का पिंडदान करने गयाजी आएंगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, मुकेश अंबानी के पूरे परिवार के आने की भी चर्चा
Gayaji - बिहार के गयाजी में चल रहे पितृपक्ष मेले में पितरों को पिंडदान करने के लिए राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्म और उद्योगपति मुकेश अंबानी पूरे परिवार के साथ आ सकते हैं। यहां वह विष्णुपद मंदिर में आकर अपने पितरों को पिंडदान करेंगे।
बताया जा रहा है कि 19 सितंबर को अंबानी परिवार और 20 सितंबर को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू गया जी आ सकती हैं। हालांकि इनके आने को लेकर न तो जिला प्रशासन और न ही विष्णुपद मंदिर प्रबंधन समिति की तरफ से अधिकारिक पुष्टी हुई है। लेकिन इन वीवीआईपी गेस्ट के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि राष्ट्रपति के आने की सूचना है, लेकिन औपचारिक जानकारी अब तक नहीं मिली है। उन्होंने साफ कहा कि डिटेल साझा करना संभव नहीं, लेकिन प्रशासन अपनी ओर से तैयारी में जुटा है।
मंदिर प्रबंधन ने कहा
इसी तरह विष्णुपद मंदिर प्रबंध कारिणी समिति के अध्यक्ष शम्भू बिट्टल ने भी यही कहा कि उन्हें कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। लेकिन सुना है कि राष्ट्रपति और अंबानी परिवार पिंडदान के लिए आ रहे हैं। यह अच्छी बात है। इससे आम अवाम में सनातन धर्म व गयाजी की महिमा की और भी ख्याति मिलेगी।
फल्गु नदी में पिंड अर्पित करेंगी
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू पिंडदान करने के बाद देवघाट जाकर फल्गु नदी में पिंड अर्पित करेंगी। इसके बाद विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में भगवान विष्णु के चरणों में माथा टेकेंगी। मुकेश अंबानी भी अपने पूरे परिवार के साथ श्राद्ध कर्मकांड करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन
आधिकारिक पुष्टि न होने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। सुरक्षा से लेकर मंदिर परिसर की व्यवस्था तक सब कुछ दुरुस्त करने की कवायद चल रही है। राष्ट्रपति और अंबानी के आगमन की संभावना ने पितृपक्ष मेले की रौनक और बढ़ा दी है।
गयाजी में इन बड़े नामों के पिंडदान को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। सभी की नजर अब इस बात पर टिकी है कि अगले दो दिनों में यह चर्चा सच साबित होती है या नहीं।