Bihar Crime: पटना में बंटी कुमार की बरामदगी की मांग तेज, करबिगहिया में कैंडल मार्च; परिजनों ने CBI जांच की उठाई मांग
Bihar Crime: पटना के करबिगहिया निवासी 25 वर्षीय बंटी कुमार के लापता होने के मामले में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने सीबीआई जांच और युवक की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की।
Bihar Crime: राजधानी पटना के करबिगहिया निवासी 25 वर्षीय बंटी कुमार के 7 जुलाई से लापता होने के मामले में लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। कई दिनों बाद भी बंटी कुमार का कोई पता नहीं चलने से परिजन और स्थानीय लोग नाराज हैं। शुक्रवार शाम बंटी कुमार की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर करबिगहिया स्टेशन से करबिगहिया पुल तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में मोमबत्तियां लेकर सड़कों पर उतरे और प्रशासन तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि लापता युवक को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए और मामले में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
कैंडल मार्च की सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ-2 रंजन कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग पुलिस की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं दिखे। काफी देर तक बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद स्थिति को शांत कराया गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि पुलिस जांच की रफ्तार धीमी है और अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और बंटी कुमार की सुरक्षित बरामदगी की भी मांग उठाई।
युवक की तलाश लगातार जारी है-पुलिस
पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश लगातार जारी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल संदिग्ध लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल बंटी कुमार की बरामदगी नहीं होने से परिवार और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ी हुई है और सभी उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।
पटना से रिपोर्ट