Patna Police Ganja Seized: पटना में धनरुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5.1 किलो गांजा बरामद, एक आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार
Patna Police Ganja Seized: पटना के धनरुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.1 किलोग्राम गांजा बरामद किया। वहीं रसलपुर गांव से एक व्यक्ति को अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया।
Patna Police Ganja Seized: पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत धनरुआ थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। 10 जुलाई 2026 को धनरुआ थाना पुलिस को सूचना मिली कि सिमाड़ी खुर्द गांव में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखे हुए है। सूचना मिलने के बाद उसका सत्यापन किया गया। इसके बाद मसौढ़ी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02 के निर्देशन और धनरुआ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 5.1 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दूसरे मामले में धनरुआ थाना पुलिस को सूचना मिली कि रसलपुर गांव में एक व्यक्ति आपसी विवाद के दौरान अवैध हथियार दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से एक देशी कट्टा बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पटना से रिपोर्ट