गया कॉलेज में शर्मसार करने वाली घटना : संस्कृत शिक्षक का महिला शिक्षिका के प्रति हिंसक व्यवहार का वीडियो वायरल

बिहार के प्रतिष्ठित गया कॉलेज से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कॉलेज का एक वायरल वीडियों में संस्कृत विभाग के एक शिक्षक एक शिक्षिका को देखते ही उसे मारने के लिए दौड़ते है। शिक्षिका चिखते हुए अपने आप को बचाने के लिए भाग रही है..

गया कॉलेज में शर्मसार करने वाली घटना- फोटो : न्यूज4नेशन

Gayaji : बिहार के प्रतिष्ठित गया कॉलेज से एक बेहद ही चौंकाने वाली और शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां कॉलेज के संस्कृत विभाग के एक शिक्षक और शिक्षिका के बीच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही कॉलेज प्रशासन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।


महिला शिक्षिका को देखते ही हिंसक हुए शिक्षक शिवानंद पाण्डेय

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि संस्कृत विभाग के शिक्षक शिवानंद पाण्डेय एक महिला शिक्षिका को देखते ही अचानक उग्र और हिंसक हो उठे। वीडियो में दिख रही स्थिति इतनी डरावनी है कि महिला शिक्षिका खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए अपनी जान बचाने के लिए किसी सुरक्षित जगह की ओर भागती नजर आ रही हैं। वहीं शिक्षक उसे मारने के लिए उसके पीछे दौड़ते नजर आ रहे है। इस दौरान कमरे मौजूद एक व्यक्ति शिक्षक को पकड़ उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश कर रहा है।  शिक्षक का यह आक्रामक रूप कैमरे में कैद हो गया है।


पहले भी लग चुके हैं हिंसक व्यवहार के गंभीर आरोप

बताया जा रहा है कि यह पहला मौका नहीं है जब आरोपी शिक्षक शिवानंद पाण्डेय का ऐसा व्यवहार सामने आया है। स्थानीय सूत्रों और कॉलेज से मिल रही जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिक्षक पर पहले से ही यह आरोप है कि वे पूर्व में भी उक्त महिला शिक्षिका के साथ कई बार हिंसक और अभद्र व्यवहार कर चुके हैं। इस बार वीडियो साक्ष्य के रूप में सामने आने से आरोपों को बल मिला है।


कैंपस की सुरक्षा और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद गया कॉलेज के छात्रों और अन्य स्टाफ में भी भारी आक्रोश है। एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के भीतर, वो भी संस्कृत जैसे अनुशासित विभाग के शिक्षक द्वारा ऐसा कृत्य किए जाने से कॉलेज परिसर में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोग आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई पर टिकीं नजरें

वीडियो के व्यापक रूप से वायरल होने के बाद अब गेंद कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय के पाले में है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कॉलेज प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि आंतरिक शिकायत समिति (ICC) और पुलिस इस मामले का संज्ञान लेकर जल्द ही आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच शुरू करेगी।